1 August History: अंग्रेजी हुकूमत की बढ़ती ज्यादतियों का विरोध करने के लिए महात्मा गांधी ने 1920 में एक अगस्त को असहयोग आंदोलन की शुरुआत की. आंदोलन के दौरान विद्यार्थियों ने सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में जाना छोड़ दिया. वकीलों ने अदालतों का बहिष्कार कर दिया. कई कस्बों और नगरों में श्रमिक हड़ताल पर चले गए.


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 1921 में 396 हड़तालें हुईं, जिनमें छह लाख श्रमिक शामिल थे और इससे 70 लाख कार्य दिवसों का नुकसान हुआ. शहरों से लेकर गांव देहात में इस आंदोलन का असर दिखाई देने लगा और सन् 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के बाद असहयोग आंदोलन से पहली बार अंग्रेजी राज की नींव हिल गई.


फरवरी 1922 में किसानों के एक समूह ने संयुक्त प्रांत के गोरखपुर जिले के चौरी-चौरा पुरवा में एक थाने पर आक्रमण कर उसमें आग लगा दी. हिंसा की इस घटना के बाद गांधी जी ने यह आंदोलन तत्काल वापस ले लिया. 


आज के दिन अलग-अलग वर्षों में कई घटनाएं घटीं. 1831 में नए लंदन ब्रिज को यातायात के लिए खोल दिया गया, 1883 में ग्रेट ब्रिटेन में अंतर्देशीय डाक सेवा शुरू हुई. 1916 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एनी बेसेंट ने होम रूल लीग की शुरुआत की. 1920 में महात्मा गांधी ने असहयोग आंदोलन की शुरुआत की. 1932 में जानी-मानी हिंदी फिल्म अभिनेत्री मीना कुमारी का जन्म हुआ. 


1953 में क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति फिदेल कास्त्रो को गिरफ्तार किया गया. 1953 में देश में सभी एयरलाइंस का हवाई निगम अधिनियम के तहत राष्ट्रीयकरण किया गया. 1957 में राष्ट्रीय पुस्तक न्यास की स्थापना की गई. 1960 में पाकिस्तान की राजधानी कराची से बदलकर इस्लामाबाद की गई. 1975 में दुर्बा बनर्जी वाणिज्यिक यात्री विमान का संचालन करने वाली विश्व की पहली पेशेवर महिला पायलट बनीं. 1995 में हब्बल दूरबीन ने शनि के एक और चन्द्रमा की खोज की. 


2004 में श्रीलंका ने भारत को हराकर क्रिकेट का एशिया कप जीता. 2006 में जापान ने दुनिया की पहली भूकंप पूर्व चेतावनी सेवा शुरू की. 2007 में वियतनाम के हनोई शहर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गणित ओलम्पियाड में भारतीय दल के छ: सदस्यों ने तीन रजत पदक जीते. 2021 में बैडमिंटन खिलाड़ी वीपी संधू ने चीन की जियाओ को हराकर तोक्यो ओलंपिक खेलों की महिला एकल स्पर्धा का कांस्य पदक जीता. 


ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं. 2021 में भारत की पुरुष हॉकी टीम ने तोक्यो में ग्रेट ब्रिटेन को हरा कर 49 साल बाद ओलंपिक के सेमीफाइनल में जगह पाई. 2021 में भारत ने अगस्त के महीने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली. 


(भाषा)