याकूब को फांसी दिए जाने पर कांग्रेस, भाजपा में छिड़ी जुबानी जंग
Advertisement

याकूब को फांसी दिए जाने पर कांग्रेस, भाजपा में छिड़ी जुबानी जंग

साल 1993 के मुबई विस्फोट कांड में याकूब मेमन को फांसी दिए जाने के बाद आज राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग छिड़ गई। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और शशि थरूर ने सरकार एवं न्यायपालिका की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए, वहीं भाजपा ने उनकी टिप्पणियों को अनोखा और लोगों का अपमान करने वाला बताया।

 याकूब को फांसी दिए जाने पर कांग्रेस, भाजपा में छिड़ी जुबानी जंग

नयी दिल्ली : साल 1993 के मुबई विस्फोट कांड में याकूब मेमन को फांसी दिए जाने के बाद आज राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग छिड़ गई। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और शशि थरूर ने सरकार एवं न्यायपालिका की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए, वहीं भाजपा ने उनकी टिप्पणियों को अनोखा और लोगों का अपमान करने वाला बताया।

मेमन को फांसी से मौत की सजा के मुद्दे पर नये सिरे से बहस गर्माने के बाद सिंह ने कहा कि सरकार और न्यायपालिका को इसी तरह की बेमिसाल तत्परता और प्रतिबद्धता आरोपी के धर्म की परवाह नहीं करते हुए सभी आतंकी मामलों में दिखाना चाहिए। वहीं, थरूर ने कहा कि राज्य प्रायोजित हत्याओं ने हमें भी हत्यारा बना दिया है। माकपा ने याकूब को फांसी के मामले में कहा कि इसमें न्याय नहीं हुआ और भाकपा ने कहा कि मौत की सजा को देश में नहीं होनी चाहिए।

एआईएमआईएम नेता और हैदराबाद के सांसद असादुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मौत की सजा इस तरह के हर मामलों में हो। उन्होंने कहा, बाबू बजरंगी, माया कोडनानी, लेफ्टिनेंट कर्नल पुरोहित और स्वामी असीमानंद को भी मौत की सजा दी जानी चाहिए। बजरंगी और कोडनानी गुजरात दंगों में आरोपी हैं जबकि लेफ्टिनेंट कर्नल पुरोहित और स्वामी असीमानंद मालेगांव विस्फोटों में आरोपी हैं।

दिग्विजय सिंह ने कई ट्वीट कर कहा कि याकूब मेमन को फांसी पर लटका दिया गया। आतंक के आरोपी को सजा देने में सरकार और न्यायपालिका ने बेमिसाल तत्परता और प्रतिबद्धता दिखाई। मैं आशा करता हूं कि सरकार और न्यायपालिका की ऐसी ही प्रतिबद्धता और आतंकवाद के हर मामलों में दिखेगी, चाहे उनकी जाति या धर्म कुछ भी क्यों ना हो।

सिंह ने कहा कि अन्य आतंकी मामलों को जिस तरह से निपटाया जा रहा है उसे लेकर मुझे संदेह है और सरकार एवं न्यायपालिका की प्रतिष्ठा दाव पर है। थरूर ने कहा कि यह खबर सुनकर वह दुखी हैं कि हमारी सरकार ने एक मनुष्य को फांसी से लटका दिया। राज्य प्रायोजित हत्याओं ने हमें भी हत्यारा बना दिया है। हालांकि उन्होंने बाद में कहा कि वह याकूब के मामले के गुण दोषों में नहीं जाना चाहते बल्कि इस सिद्धांत के और हमारे देश में मौत की सजा के विरोधी हैं। सिंह और थरूर की टिप्पणियों पर भाजपा की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं आई।

केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के गैरजिम्मेदारान बयान चिंता की वजह हैं हम उम्मीद करते हैं कि सोनिया गांधी राष्ट्र के समक्ष स्पष्टीकरण देंगी। भाजपा सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों ने इस बात का जिक्र किया है कि आतंकवाद के मुद्दे पर विपक्षी पार्टी से अलग अलग आवाज आ रही है। वह (थरूर) शांति प्रिय लोगों का अपमान कर रहे हैं जो आतंकवाद से निजात पाना चाहते हैं। केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि वह थरूर की टिप्पणी से स्तब्ध हैं और उसे अनोखा करार दिया।

माकपा के मुखपत्र ‘पीपुल्स डेमोक्रेसी’ में पोलित ब्यूरो सदस्य प्रकाश करात ने कहा कि याकूब मेमन के साथ न्याय नहीं हुआ। माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा, याकूब मामले में कानून ने अपना काम किया। लेकिन ऐसा ही दृढ़ संकल्प अन्य मामलों में भी और देश की एकता एवं संप्रभुता कायम रखने में दिखाया जाना चाहिए।

 

Trending news