भाजपा ने कांग्रेस पर देश को ‘लूटने’ का आरोप लगाया
Advertisement

भाजपा ने कांग्रेस पर देश को ‘लूटने’ का आरोप लगाया

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को पूर्व संप्रग सरकार पर आरोप लगाया कि उसने घोटालों के जरिए देश को ‘लूटने’ का काम किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने अपने एक साल के शासन में बड़ी मात्रा में राजस्व जुटाया है।

भाजपा ने कांग्रेस पर देश को ‘लूटने’ का आरोप लगाया

तिरूवनंतपुरम : कांग्रेस पर हमला बोलते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को पूर्व संप्रग सरकार पर आरोप लगाया कि उसने घोटालों के जरिए देश को ‘लूटने’ का काम किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने अपने एक साल के शासन में बड़ी मात्रा में राजस्व जुटाया है।

शाह ने कहा, ‘संप्रग सरकार ने जहां 76 घोटाले कर देश के 10 लाख करोड़ रुपए लूटे, वहीं नरेंद्र मोदी नीत राजग सरकार ने 230 खदानों की नीलामी कर दो लाख करोड़ रुपये और स्पेक्ट्रम आवंटन से एक लाख करोड़ रूपये का राजस्व जुटाया है।’ वह शासन में कथित भ्रष्टाचार को लेकर यूडीएफ सरकार के खिलाफ पार्टी के आंदोलन के तहत भाजपा के ‘सचिवालय घेराव’ कार्यक्रम की शुरूआत कर रहे थे।

शहर में भारी बारिश के बावजूद बैठक हुई।

प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं पर कांग्रेस के ताने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मोदी को विदेश यात्राओं के दौरान मिला सम्मान किसी खास व्यक्ति या भाजपा के लिए नहीं, बल्कि देश के लोगों के लिए है।

उन्होंने कहा, ‘यह सम्मान किसी खास व्यक्ति या भाजपा सरकार के लिए नहीं है, बल्कि देश के 125 करोड़ लोगों के लिए है।’ यह उल्लेख करते हुए कि पिछले एक साल में भारत विभिन्न देशों के साथ संबंध सुधारने में सफल हुआ, उन्होंने कहा कि पहले जब कोई प्रधानमंत्री विदेश जाता था, तो उसे बहुत से लोग नहीं जानते थे।

शाह ने कहा, ‘लेकिन अब, यदि नरेंद्र मोदी अमेरिका, जर्मनी, फिजी, या भूटान, अथवा जहां भी जाते हैं, हजारों की भीड़ उनका स्वागत करती है।’ शाह ने कांग्रेस की इस आलोचना को भी खारिज कर दिया कि भाजपा ‘गरीब विरोधी’ और ‘किसान विरोधी’ है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसी सरकार है जो गरीबों और दलितों के लिए काम करती है। उन्होंने कहा, ‘मोदी सरकार का ध्यान 125 करोड़ लोगों में गरीब से गरीब पर है जिन्हें कांग्रेस ने 68 साल तक नजरअंदाज किया।’शाह ने कहा कि उन लोगों के लिए बैंक खाते और नयी बीमा नीति सुनिश्चित कर उन्हें वित्तीय प्रक्रिया में समाहित किया गया।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने अपनी ‘मेक इन इंडिया’ और ‘कौशल विकास’ पहल के जरिए बेरोजगारी के खिलाफ बड़ा युद्ध छेड़ा है जो बेरोजगार युवकों को रोजगार देने पर केंद्रित है ।

उन्होंने कांग्रेस के इस आरोप को खारिज किया कि भाजपा ‘किसान विरोधी’ है और कहा कि राजग सरकार किसान समुदाय की मदद के लिए विभिन्न कानून लेकर आई है। शाह ने कहा कि राजग सरकार ब्रिटिश राज के कानूनों को खत्म कर एक परिवर्तन लाई है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने फसलों के नुकसान के लिए मुआवजे में 50 प्रतिशत की वृद्धि सुनिश्चित की।

यह उल्लेख करते हुए कि भाजपा नीत सरकार ने देश की सुरक्षा को काफी अधिक महत्व दिया है, पार्टी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जब संप्रग सरकार सत्ता में थी तो कश्मीर में पाकिस्तान की ओर से रोज गोलीबारी होती थी। उन्होंने कहा, ‘लेकिन अब भाजपा सरकार ने पाकिस्तान की गोलीबारी का उसी अंदाज में जवाब देना शुरू कर दिया है..गोली का जवाब गोली से।’

Trending news