भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की साजिश रच रही बीजेपी: मायावती
Advertisement

भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की साजिश रच रही बीजेपी: मायावती

भाजपा पर भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने की साजिश रचने का आरोप मढ़ते हुए बसपा सुप्रीमो मायावती ने शुक्रवार को कहा कि केन्द्र में भाजपा और उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने के बाद साम्प्रदायिक ताकतें मजबूत हुई है।

भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की साजिश रच रही बीजेपी: मायावती

लखनऊ : भाजपा पर भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने की साजिश रचने का आरोप मढ़ते हुए बसपा सुप्रीमो मायावती ने शुक्रवार को कहा कि केन्द्र में भाजपा और उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने के बाद साम्प्रदायिक ताकतें मजबूत हुई है।

मायावती ने आज यहां बसपा के संस्थापक कांशीराम के नौवें निर्वाण दिवस के अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि दादरी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सफाई और सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के बयान का कोई मतलब नहीं है। जब तक ऐसी साजिशों के खिलाफ सख्त कानून नहीं बनता तब तक कुछ नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जिस ढंग से भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने की व्यूहरचना की जा रही है उससे दलितों, आदिवासियों और अन्य पिछड़े वर्ग के लोगों के हित सुरक्षित नहीं रहेंगे।

बसपा सुप्रीमो ने कहा कि सपा और भाजपा की मिलीभगत से उत्तर प्रदेश और देश में साम्प्रदायिक ताकतें मजबूत हुईं और जहां एक तरफ जान माल का काफी नुकसान हुआ है वहीं दूसरी तरफ आपसी सद्भाव को भी धक्का पहुंचा है। मायावती ने कहा कि देश में उत्पन्न होती जा रही विचित्र स्थिति के चलते हताशा और निराशा में जहां एक तरफ कई मशहूर लेखकों की हत्याएं हो गईं, इससे दुखी होकर कई ख्याति प्राप्त लेखकों ने साहित्य अकादमी पुरस्कार लौटा दिये तो वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तानी गजल गायक का मुंबई में कार्यक्रम प्रतिबंधित करने से देश के सम्मान को भी ठेस पहुंची जो चिंता का विषय है।

उन्होंने स्पष्ट आरोप लगाया कि देश और प्रदेश में बढ़ती जा रही साम्प्रदायिकता के लिए सपा और भाजपा दोनों पूरी तरह जिम्मेदार हैं। सपा के शासनकाल में गुण्डों, माफियाओं और अपराधी तत्वों का आतंक है वहीं सपा और भाजपा दोनों मिलकर राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए साम्प्रदायिकता की आड़ में घिनौनी राजनीति कर रहे हैं और आये दिन साम्प्रदायिकता फैला रहे हैं जिससे सामाजिक ताना बाना कमजोर हो रहा है। मायावती ने समाजवादी पार्टी पर साम्प्रादियकता से जुड़ी घटनाओं को लेकर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर दंगों की रिपोर्ट आ गयी है लेकिन दंगों में शामिल सपा और भाजपा नेताओं को बचाने की कोशिश में प्रदेश सरकार रिपोर्ट पर अमल नहीं कर रही है। दादरी कांड के मुख्य आरोपियों पर भी सख्त कानूनी शिकंजा नहीं कसा गया। उन्होंने यह भी कहा कि आजम खां को आगे कर बयान दिलाने या संयुक्त राष्ट्र में चिट्ठी लिखने से कुछ काम नहीं चलने वाला है। साम्प्रदायिकता के खिलाफ सख्त कार्यवाही करनी होगी। दोहरे मापदंडों से साम्प्रदायिकता से नहीं लड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा अथवा भाजपा में से किसी की भी सरकार बनी तो प्रदेश में हिन्दू और मुसलमान के बीच दंगे होंगे और प्रदेश का विकास ठप्प हो जाएगा।

Trending news