भाजपा दिल्ली में चुनावों से भाग रही है : कांग्रेस और AAP
Advertisement

भाजपा दिल्ली में चुनावों से भाग रही है : कांग्रेस और AAP

दिल्ली विधानसभा की तीन सीटों के लिए चुनाव आयोग द्वारा उपचुनावों की घोषणा किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि भाजपा यहां विधानसभा चुनाव से भाग रही है।

भाजपा दिल्ली में चुनावों से भाग रही है : कांग्रेस और AAP

नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा की तीन सीटों के लिए चुनाव आयोग द्वारा उपचुनावों की घोषणा किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि भाजपा यहां विधानसभा चुनाव से भाग रही है।

भाजपा ने हालांकि इस आलोचना को खारिज कर दिया। आप तथा कांग्रेस ने कहा कि दिल्ली में उपचुनावों की घोषणा स्पष्ट रूप से संकेत है कि भाजपा विधानसभा भंग किए जाने तथा नए सिरे से चुनाव को लेकर डरी हुई है।

आप नेता अरविन्द केजरीवाल ने ट्वीट किया, भाजपा दिल्ली में चुनावों से भाग रही है। आप उपचुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा, मैं वास्तव में चकित हूं कि ‘मोदी लहर’ के बड़े बड़े दावों के बावजूद, भाजपा दिल्ली में चुनाव कराने से क्यों डर रही है? आप और कांग्रेस दिल्ली विधानसभा भंग किए जाने की मांग कर रहे हैं ताकि नए सिरे से चुनाव कराए जा सकें।

केजरीवाल ने कहा, मेरे स्रोत भाजपा के आंतरिक सर्वेक्षण दिखाते हैं कि अगर दिल्ली में आज चुनाव हों तो आप को पूर्ण बहुमत मिलेगा। दिल्ली कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने कहा कि उपचुनावों की घोषणा से परिलक्षित होता है कि भाजपा नए चुनाव कराने के पक्ष में नहीं है।

शर्मा ने कहा, गृह मंत्रालय ने विधानसभा भंग करने की सिफारिश नहीं की है क्योंकि भाजपा चुनाव का सामना करने की इच्छुक नहीं है। अगर मोदी लहर है तो पार्टी चुनाव का सामना करने से क्यों परहेज कर रही है। दिल्ली विधानसभा तत्काल भंग किए जाने की मांग करते हुए उन्होंने कहा, दिल्ली में चुनाव तुरंत कराए जाने चाहिए। राजनीतिक अनिश्चितता समाप्त करने के लिए कोई अन्य विकल्प नहीं है। भाजपा ने हालांकि उपचुनाव की घोषणा का स्वागत किया।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा, तीन विधानसभा सीटों के लिए उपचुनावों की घोषणा ने साबित कर दिया है कि भाजपा उचित समय पर लोगों के पास जाने को तैयार है। उपचुनावों के नतीजों से तय हो जाएगा कि दिल्ली में कौन पार्टी ज्यादा लोकप्रिय है। 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा की तीन सीटें मई में खाली हो गयी थीं जब तीन मौजूदा विधायक हषर्वर्धन, प्रवेश वर्मा और रमेश विधुड़ी लोकसभा के लिए चुन लिए गए थे। फरवरी में आप सरकार के इस्तीफा देने के बाद से ही दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगा हुआ है।

 

Trending news