MCD Election Results 2017 : भाजपा ने लगाई हैट्रिक, तीनों एमसीडी पर फिर से किया कब्जा
Advertisement

MCD Election Results 2017 : भाजपा ने लगाई हैट्रिक, तीनों एमसीडी पर फिर से किया कब्जा

दिल्ली नगर निगम चुनाव में भाजपा ने हैट्रिक लगा दी है. अब तक के रुझानों में वह उत्तरी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली तीनों एमसीडी में बहुमत से आगे निकलकर दो तिहाई बहुमत की ओर बढ़ रही है. दिल्ली नगर निगम चुनाव में भाजपा को मिली भारी जीत पर दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष व लोकसभा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि यह जीत हम सुकमा के शहीदों को समर्पित करते हैं. 

दिल्ली नगर निगम चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत.

नई दिल्ली : दिल्ली नगर निगम चुनाव में भाजपा ने हैट्रिक लगा दी है. भाजपा ने नगर निगम चुनाव में 181 वार्ड में जीत के साथ प्रचंड विजय हासिल की.  2015 में दिल्ली विधानसभा चुनाव में 67 सीटों के साथ रिकॉर्ड जीत हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी आम आदमी पार्टी 48 वार्ड के साथ दूसरे और कांग्रेस 30 के साथ तीसरे स्थान पर है.  

दिल्ली नगर निगम चुनाव में भाजपा को मिली भारी जीत पर दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष व लोकसभा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि यह जीत हम सुकमा के शहीदों को समर्पित करते हैं. दिल्ली की जीत पीएम मोदी की नीतियों की जीत है. पीएम मोदी के कदम ही हमारी जीत के कारण बने हैं. हम उम्मीद करते हैं कि आम आदमी पार्टी और दिल्ली सरकार एमसीडी को अपना सहयोग देगी. हम दिल्ली की जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे.

मतगणना सुबह 8.00 बजे शुरू हई थी. शुरुआती रुझान से ही भाजपा ने जो बढ़त बनाई वह लगातार बरकरार रही.  

ये भी पढ़ें : दिल्ली नगर निगम में किस वार्ड में कौन जीता    

दक्षिणी दिल्ली नगर निगम- 104 सीटें
- भाजपा के खाते में अब तक 64 सीटें  
- आप के खाते में अब तक 15 सीटें 
- कांग्रेस के खाते में अब तक 12 सीटें
- अन्य दलों के खाते में अब तक 6 सीटें

उत्तरी दिल्ली नगर निगम- 103 सीटें
- भाजपा के खाते में अब तक 60 सीटें
- आप के खाते में अब तक 19 सीटें 
- कांग्रेस के खाते में अब तक 15 सीटें
- अन्य दलों के खाते में अब तक 1 सीट

पूर्वी दिल्ली नगर निगम- 63 सीटें
- भाजपा को 49 सीटों पर मिली जीत
- आप को 9 सीटों पर मिली जीत
- कांग्रेस को 3 सीटों पर मिली जीत
- बसपा को 2 सीटों पर मिली जीत

इससे पहले राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके श्रीवास्तव ने मतगणना की तैयारियां पूरी कर लिये जाने की जानकारी देते हुए बताया कि तय कार्ययोजना के मुताबिक मतगणना सुबह 8.00 बजे शुरू हो जायेगी. सीलबंद ईवीएम मतगणना स्थलों पर पहुंचा दी गई हैं. इसके लिए 35 मतगणना केन्द्र बनाए गए हैं. एमसीडी में 272 सीटें हैं लेकिन दो जगहों पर उम्मीदवारों के निधन के चलते 270 सीटों पर चुनाव हुए थे.

रविवार (23 अप्रैल) को 53.58 प्रतिशत मतदान हुआ था जो कि साल 2012 के चुनाव में हुए मतदान से थोड़ा ज्यादा है. चुनाव के तीनों प्रमुख दावेदार भाजपा, आप और कांग्रेस, अपने पक्ष में चुनाव परिणाम आने का दावा कर रहे हैं. इस बीच मतदान के बाद हुए एक्जिट पोल में चुनाव परिणाम में भाजपा को अप्रत्याशित जीत मिलने की संभावना जतायी गई है.

ये भी पढ़ें : केजरीवाल की धमकी, भाजपा को जीत मिली तो करेंगे बड़ा आंदोलन

जानकारों की राय में निगम चुनाव का परिणाम दिल्ली के सियासी भविष्य को तय करने वाला साबित होगा. एक तरफ दो साल पहले हुये विधानसभा चुनाव में 67 सीट जीतने वाली आप के लिये निगम चुनाव परिणाम पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के जनाधार की मजबूती को तय करेगा, वहीं कांग्रेस और भाजपा के लिये चुनाव का परिणाम दिल्ली में खोई जमीन वापस पाने का पैमाना बनेगा.

हालांकि मतदान से महज दस दिन पहले 13 अप्रैल को राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव परिणाम में आप की करारी हार केजरीवाल कैंप के लिये चिंता बढ़ाने वाली साबित हुई जबकि भाजपा अपनी जीत और कांग्रेस अपने मत प्रतिशत में 23 प्रतिशत इजाफे से काफी उत्साहित है. यह बात दीगर है कि केजरीवाल ने उपचुनाव परिणाम को निगम चुनाव का ट्रेलर मानने से इंकार कर दिया। साथ ही वह निगम चुनाव के एक्जिट पोल के परिणाम सही साबित होने पर ईवीएम के खिलाफ आंदोलन तक शुरू करने की चेतावनी भी दे चुके हैं.

दिल्ली के 1.32 करोड़ मतदाताओं में से 7139994 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इसमें सर्वाधिक मतदान दक्षिणी दिल्ली में रहा. इस क्षेत्र के 2687685 मतदाताओं ने वोट डाला जबकि उत्तरी दिल्ली निगम में 2680011 और पूर्वी निगम में 1772298 मतदाताओं ने मतदान किया.

Trending news