लू के प्रकोप ने ली अब तक 550 की जान, दिल्ली में रहा मौसम का सबसे गर्म दिन
Advertisement

लू के प्रकोप ने ली अब तक 550 की जान, दिल्ली में रहा मौसम का सबसे गर्म दिन

देश के अनेक हिस्सों में आज तपती गर्मी का प्रकोप बना रहा और अब तक 550 से अधिक लोग लू की चपेट में आकर मर चुके हैं, इनमें सबसे ज्यादा लोगों की मौत आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में हुई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज मौसम का सबसे गर्म दिन रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लू के प्रकोप ने ली अब तक 550 की जान, दिल्ली में रहा मौसम का सबसे गर्म दिन

नई दिल्ली : देश के अनेक हिस्सों में आज तपती गर्मी का प्रकोप बना रहा और अब तक 550 से अधिक लोग लू की चपेट में आकर मर चुके हैं, इनमें सबसे ज्यादा लोगों की मौत आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में हुई है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज मौसम का सबसे गर्म दिन रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई अन्य स्थानों पर भी पारा इसी स्तर के आसपास रहा वहीं ओडिशा के औद्योगिक शहर अंगुल में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में पालम वेधशाला में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

तेलंगाना में लू के प्रकोप से 15 मई से अब तक 215 लोगों की जान जा चुकी है। यह जानकारी आपदा प्रबंधन के विशेष आयुक्त सादा भार्गवी ने दी। आंध्र प्रदेश में आपदा प्रबंधन की विशेष आयुक्त तुलसी रानी ने आज शाम तक लू से मरने वालों की संख्या 302 बताई।

प्रदेश के मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार रामागुंडम, नलगोंडा और खम्मम में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने राज्य प्रशासन को गर्मी से सुरक्षा के लिए पेयजल और छाछ के खुले शिविर लगाने को कहा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि संभव हो तो सुबह 11 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें।

इस बीच विशाखापत्तनम में मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि लू का प्रकोप एक दिन और बना रहेगा और अगले दिन उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश होने की संभावना है। ओडिशा में गर्मी से अब तक 43 लोगों की जान जाने की खबर है। हालांकि सरकार ने लू से केवल चार लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है।

Trending news