इस बार झुलसाएगी गर्मी, अप्रैल में ही 44 डिग्री पर पहुंचा पारा
Advertisement

इस बार झुलसाएगी गर्मी, अप्रैल में ही 44 डिग्री पर पहुंचा पारा

ओडिशा के कई हिस्सों में लू की स्थिति और गंभीर हो गयी जबकि उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान मध्यम रहा. वहीं जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में बारिश एवं बर्फबारी हुई.

दिल्ली में गर्मी से बेहाल एक रिक्शाचालक आंखों की मींचते हुए. (AFP/Getty Images/File)

नयी दिल्ली: ओडिशा के कई हिस्सों में लू की स्थिति और गंभीर हो गयी जबकि उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान मध्यम रहा. वहीं जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में बारिश एवं बर्फबारी हुई.

दिल्ली में मौसम सामान्य स्तर से नीचे
राष्ट्रीय राजधानी में पहाड़ी स्थानों पर हुए हिमपात की वजह से मौसम सुहाना था. अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान दोनों सामान्य स्तर से कम रहे. मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापतान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

कश्मीर घाटी में बर्फबारी
कश्मीर घाटी में पहलगाम सहित उपरी इलाकों में (शनिवार) रात के दौरान रुक रुककर बारिश और बर्फबारी हुई. पहलगाम में करीब सात सेंटीमीटर बर्फबारी हुई. श्रीनगर में 3.4 मिलीमीटर, कुपवाड़ा में 7.7 मिलीमीटर बारिश हुई. वहीं कोकेरनाग में रात में 27 मिलीमीटर की बारिश हुई जबकि काजीगुंड में शनिवार सुबह तक 22.8 मिलीमीटर बारिश हुई.

उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद सबसे गर्म
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश एवं फुहारों से तापमान गिरा जिससे लोगों का गर्मी से कुछ राहत मिली. इलाहाबाद में सबसे ज्यादा 41.9 सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.

ओडिशा में 44 डिग्री पहुंचा पारा
ओडिशा के कई हिस्सों में लू की स्थिति और गंभीर हो गयी. बलानगीर में अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 44 डिग्री रहा. मौसम विभाग के अनुसार कम से कम दस जगहों पर तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा. 

इनमें से अधिकतर पश्चिमी ओडिशा में आते हैं. जबकि तटीय इलाकों में आसमान में बादल छाए रहे. झारसुगुडा में अधिकतम तापमान 42.6, हीराकुद में 42.6, भवानीपटना में 42.5 और सबंलपुर में 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

हिमाचल प्रदेश में हिमस्खलन की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश में मध्य और अधिक उंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट हुई जबकि क्षेत्र में दिन शुष्क रहा और तेज हवाएं चलती रहीं. राज्य के आदिवासी क्षेत्रों एवं उंचे पहाड़ी इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गयी.

उना सर्वाधिक गर्म
राज्य में उना में अधिकतम तापमान सर्वाधिक 33 डिग्री, नाहन में 29.1, सुंदरनगर में 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं केलोंग एवं कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.6 डिग्री कम, किन्नौर में एक और मनाली में चार डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री
पंजाब में अमृतसर में अधिकतम तापमान 30.8, लुधियाना में 32.1 और पटियाला में 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हरियाणा में अम्बाला में यह 32.8, हिसार में 34.5 और करनाल में 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री रहा.

उत्तर-पूर्व और मध्य प्रदेश में दिन का तापमान बढ़ा
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, विदर्भ क्षेत्र (महाराष्ट्र), तेलंगाना और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भी दिन का तापमान सामान्य से उपर था.

बिहार में तपिश बढ़ी, गया में पारा रिकॉर्ड 41 डिग्री

बिहार में तपिश बढ़ने के कारण लोगों की दिक्कतें बढ़ गयी हैं. प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान आमतौर पर मौसम शुष्क रहा और शनिवार (8 अप्रैल) को सबसे अधिक 41 डिग्री सेल्सियस तापमान गया शहर का रिकॉर्ड किया गया.

पटना स्थित मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रदेश में गया जिला शनिवार को सबसे अधिक गर्म रहा जहां का अधिकतम तापमान शुक्रवार के 40.6 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 41.0 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान 7 अप्रैल ही की तरह 8 अप्रैल को भी 24.7 डिग्री सेल्सियस रहा.

पटना में तापमान 40 डिग्री के करीब 
प्रदेश की राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 7 अप्रैल के 36.8 डिग्री सेल्यिस की तुलना में 8 अप्रैल को 39.8 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान 7 अप्रैल के 23.1 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 8 अप्रैल को 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

भागलपुर और पूर्णिया में तापमान 37.5 के करीब 
बिहार के अन्य प्रमुख जिलों भागलपुर और पूर्णिया में अधिकतम तापमान शुक्रवार (7 अप्रैल) के क्रमश: 37.7, 33.2 और 31.8 डिग्री सेल्सियस की तुलना में शनिवार को 39.7 और 36.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश
बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-मध्य को छोड़कर कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने के साथ आम तौर पर मौसम शुष्क रहा.

पटना एवं गया में गर्मी बढ़ने की आशंका
बिहार के मौसम पूर्वानुमान में पटना एवं गया में सामान्य तौर पर आकाश के साफ रहने तथा भागलपुर एवं पूर्णिया में में आकाश में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने के साथ बारिश या गरज अथवा धूल भरी आंधी आने की संभावना जतायी गयी है.

राजस्थान में कोटा और बाड़मेर में सबसे ज्यादा गर्मी
राजस्थान में गर्मी ने फिर तेवर दिखाना शुरू कर दिया है. प्रदेश में शनिवार (8 अप्रैल) सबसे अधिक तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस कोटा और बाड़मेर में दर्ज किया गया. मौसम विभाग प्रवक्ता के अनुसार प्रदेश में शुक्रवार (7 अप्रैल) के मुकाबले तामपान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गयी है.

जयपुर में 34 तो जोधपुर में 36 डिग्री तापमान
विभिन्न शहरों में अधिकतम तापमान कुछ इस प्रकार रहे.. जोधपुर में 36 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 35.5 डिग्री सेल्सियस, जयपुर में 34.6 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर और अजमेर में 34.5 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 33.6 डिग्री सेल्सियस और श्रीगंगानगर में 33 डिग्री सेल्सियस.

Trending news