संघ को हिंसा स्वीकार्य नहीं: भैयाजी जोशी
Advertisement

संघ को हिंसा स्वीकार्य नहीं: भैयाजी जोशी

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस विजया दशमी से एक दिन पहले संघ के सर कार्यवाह सुरेश भैयाजी जोशी ने कहा कि संघ को हिंसा स्वीकार्य नहीं है और हिंसा की घटना के पीछे के वास्तविक कारण सामने आने चाहिए। उन्होंने देश में हिंसा की हालिया घटनाओं को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

मुंबई : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस विजया दशमी से एक दिन पहले संघ के सर कार्यवाह सुरेश भैयाजी जोशी ने कहा कि संघ को हिंसा स्वीकार्य नहीं है और हिंसा की घटना के पीछे के वास्तविक कारण सामने आने चाहिए। उन्होंने देश में हिंसा की हालिया घटनाओं को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

दादरी की घटना के बारे में पूछे जाने पर जोशी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि हम किसी तरह की हिंसा का समर्थन नहीं करते। हिंसा का यह तरीका हमें स्वीकार्य नहीं है। हिंसा के पीछे के वास्तविक कारणों को सामने लाने की जरूरत है। जब उनसे पूछा गया कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर देरी से प्रतिक्रिया दी तो उन्होंने केवल इतना कहा कि मैं इस पर कुछ नहीं कह सकता। इस पर वही बोल सकते हैं। जोशी ने पाकिस्तानी कलाकारों के खिलाफ शिवसेना के गुस्से को राजनीतिक बताया और कहा कि इसके पीछे राजनीतिक कारण हैं।

उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की इस राय का समर्थन किया कि शिवसेना के विरोध प्रदर्शन से राज्य का नाम खराब हुआ है लेकिन उन्होंने इस तरह की धारणा को खारिज कर दिया कि इस मुद्दे से भाजपा और शिवसेना में दरार आ गई है। जोशी ने कहा कि केवल भाजपा और शिवसेना नहीं बल्कि सभी राजनीतिक दलों को मिलकर पाकिस्तान का विरोध करना चाहिए। इससे पहले एक कार्यक्रम में विदेश नीति पर मोदी सरकार की प्रशंसा करते हुए जोशी ने कहा कि हमने कभी कमजोर पड़ोसी पर हमला नहीं किया। छोटे देश उम्मीद के साथ भारत को देख रहे हैं। मौजूदा नेतृत्व ने दुनिया को आश्वस्त किया है कि हम उनके साथ होंगे।

Trending news