दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत ठंड से ठिठुरा
Advertisement

दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत ठंड से ठिठुरा

नए साल के आगाज से ही दिल्ली ठंड से ठिठुर रही है। दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में पारा लगातार लुढ़कता जा रहा है जिससे ठंड बढ़ती जा रही है।

ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी
नई दिल्ली: नए साल के आगाज से ही दिल्ली ठंड से ठिठुर रही है। दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में पारा लगातार लुढ़कता जा रहा है जिससे ठंड बढ़ती जा रही है। नए साल के दिन दिल्ली समेत एनसीआर के कई क्षेत्र कोहरे की चादर में लिपटे तो बुधवार को भी दिल्ली कोहरे की चादर में लिपटी हुई है। कोहरे से ट्रेनों और विमानों के आवागमन पर काफी असर पड़ा है।
दिल्ली में मंगलवार का न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम था। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम, 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार का तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

बुधवार को पारा और लुढ़कने की संभावना है और मंगलवार को सीजन का सबसे सर्द दिन रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को दिल्ली का पारा 2 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। यानी ठंड से फिलहाल निजात मिलने की संभावना नहीं दिखती।
दिल्ली में सुबह के वक्त दिल्ली घने कोहरे की चादर से घिरी रही जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात काफी प्रभावित हुआ। दृष्यता का स्तर लगभग शून्य के स्तर तक पहुंच गया।
उधर, उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाके ठिठुरन और जमा देने वाली ठंड की चपेट में हैं । पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में ठंड से नौ और लोगों की मौत हो गयी।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान के भी कई इलाके ठंड की चपेट में रहे और चुरू में न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिलानी में भी न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उधर, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ भी ठंड और गहरे कोहरे की चपेट में रहे और यहां सड़क, रेल एवं हवाई यातायात पर बुरा प्रभाव पड़ा।
अधिकारियों ने बताया कि चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर अधिकतर विमान उड़ान नहीं भर सके और क्षेत्र से गुजरने वाली कई रेलगाड़ियां कई घंटे की देरी से चल रही हैं। नारनौल 0.7 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ इस क्षेत्र में सबसे ठंडा रहा।

Trending news