शाही ट्रेन (पैलेस ऑन व्हील्स) नए अंदाज में आज होगी रवाना
Advertisement
trendingNow129801

शाही ट्रेन (पैलेस ऑन व्हील्स) नए अंदाज में आज होगी रवाना

भारतीय रेल और राजस्थान पर्यटन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से चलाई जा रही विश्व प्रसिद्ध शाही रेलगाड़ी `पैलेस ऑन व्हील्स` बुधवार की शाम नए रंग-रूप और साज-सज्जा के साथ नई दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से गंतव्य स्थानों के लिए रवाना होगी।

नई दिल्ली : भारतीय रेल और राजस्थान पर्यटन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से चलाई जा रही विश्व प्रसिद्ध शाही रेलगाड़ी `पैलेस ऑन व्हील्स` बुधवार की शाम नए रंग-रूप और साज-सज्जा के साथ नई दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से गंतव्य स्थानों के लिए रवाना होगी। शाही रेलगाड़ी में `स्पा`, `पार्लर` और `जिम` जैसी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं। राजस्थान पर्यटन विकास निगम (आरटीडीसी) के अध्यक्ष रणदीप धनकड़ ने मंगलवार को नई दिल्ली में शाही रेलगाड़ी के इस पर्यटन सत्र की यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के मार्गदर्शन में प्रदेश में सैलानियों की सुख-सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
धनकड़ ने बताया कि पर्यटकों को पांच सितारा होटल जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दृष्टि से इस शाही रेलगाड़ी को नए रंग-रूप में सजाया संवारा गया है। उन्होंने बताया कि पैलेस ऑन व्हील्स ने पिछले पर्यटन सत्र 2011-12 (सितम्बर से अप्रैल) में कुल 34 फेरे लगाए थे, जिनमें 2833 यात्रियों ने सफर किया और इससे 36 करोड़ 49 लाख 25 हजार 290 रुपये की आमदनी हुई। वर्ष 2010-11 में इस शाही रेलगाड़ी के 38 फेरों में 2364 यात्रियों के साथ 27 करोड़ 90 लाख 15 हजार 286 रुपये की आमदनी ही की थी। उन्होंने बताया कि इस पर्यटन सत्र वर्ष 2012-13 में शाही रेलगाड़ी को करीब 46 करोड़ 50 लाख रुपये की आय होने की उम्मीद है।
आरटीडीसी के दिल्ली में महाप्रबंधक प्रमोद शर्मा और शाही रेलगाड़ी के महाप्रबंधक प्रदीप बोहरा ने बताया कि इस साल शाही रेलगाड़ी के पहले सफर में दिल्ली से 54 यात्रियों के रवाना होने की आशा है जिसमें विभिन्न देशों के यात्री शामिल होंगे। यह ट्रेन अगले वर्ष अप्रेल तक कुल 34 फेरे लगाएगी और इसमें तीन हजार एक सौ यात्रियों के सफर करने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि `पैलेस ऑन व्हील्स` इस वर्ष पांच सितम्बर से अप्रैल, 2013 तक दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से प्रत्येक बुधवार को एक सप्ताह के अविस्मरणीय सफर के लिए रवाना होकर जयपुर, सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, जैसलमेर, जोधपुर, भरतपुर और आगरा होते हुए वापस दिल्ली पहुंचेगी।
23 कोच की इस शाही रेलगाड़ी में 14 सैलून, एक स्पा कोच, दो महाराजा एवं महारानी रेस्टोरेंट एवं एक रिसेप्शन कम बार कोच सम्मिलित है। इसमें 104 पर्यटक राजसी अदांज में यात्रा कर सकते हैं। यह ट्रेन सात दिनों में सैलानियों को राजस्थान के प्रमुख पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों के साथ ही विश्व प्रसिद्ध आगरा के ताजमहल की भी सैर करवाती है।
शाही रेल गाड़ी के महाप्रबंधक बोहरा ने बताया कि पर्यटकों को उनके पंसदीदा व्यंजन परोसने के लिए ट्रेन में विशेष इंतजाम किए गए हैं। ट्रेन में मेहमानों को भारतीय और विदेशी जायकेदार भोजन परोसने की विशेष व्यवस्था है। `पैलेस ऑन व्हील्स` में एक व्यक्ति का किराया 770 अमेरिकन डॉलर प्रति रात्रि है। दो व्यक्तियों के एक साथ यात्रा करने पर यह किराया 575 डॉलर प्रति यात्री प्रति रात्रि और तीन व्यक्तियों के एक साथ यात्रा पर यह किराया 520 डॉलर प्रति व्यक्ति प्रति रात्रि निर्धारित है। (एजेंसी)

Trending news