यूपीए सरकार में नहीं रहा देश बचाने का सामर्थ्य : मोदी
Advertisement
trendingNow121654

यूपीए सरकार में नहीं रहा देश बचाने का सामर्थ्य : मोदी

गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राज्य कार्यकारिणी की दो दिनों की बैठक को सम्बोधित करते हुए केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार पर जमकर निशाना साधा।

जी न्यूज ब्यूरो
राजकोट : गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राज्य कार्यकारिणी की दो दिनों की बैठक को सम्बोधित करते हुए केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार पर जमकर निशाना साधा। मोदी ने कांग्रेस की अगुवाई वाली संप्रग सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार देश बचाने का सामर्थ्य खो चुकी है।
मोदी ने कहा, कांग्रेस हताश और निराश हो चुकी है। यह निराशा आए दिन कांग्रेस पार्टी में होने वाली तकरार के रूप में सामने आ रही है और यह देश के लिए स्वाभाविक आक्रोश का कारण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार पहले ही मान चुकी है कि गठबंधन की राजनीति के चलते वह भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लगा पा रही है।
उन्होंने कहा, दुनिया यह मान चुकी है कि 21वीं सदी एशिया की होगी लेकिन यह सदी भारत की होगी अथवा चीन की, इसे यहां की सरकार और जनता को तय करना है। जबकि केंद्र की सरकार ने जनता की आकांक्षाओं को निराश किया है। सरकार ने देश और जनता को निराशा के गर्त में धकेल दिया है।
मोदी ने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के चलते देश के सामाजिक जीवन को गहरा धक्का लगा है। देश का विकास दर पांच फीसदी के निकट पहुंच गया है। आर्थिक संकट से देश को उबारने के लिए सरकार ने कोई पहल नहीं की और स्थितियां जब नियंत्रण से बाहर हुईं तो यह सरकार नींद से जागी।
मोदी ने कहा, देश का नौजवान आज रोजगार के लिए तरस रहा है।
मुख्यमंत्री ने महंगाई पर संप्रग सरकार को घेरते हुए कहा, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने वादा किया था कि वह 100 के दिन के भीतर महंगाई कम करेंगे लेकिन महंगाई कम होने के बजाय वह दिनोंदिन बढ़ती गई। मनमोहन सिंह महंगाई रोकने के लिए ठोस पहल करने की जगह नई तारीखें घोषित करते रहे।
मोदी ने कहा, आज डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर हो गया है। यही हालत बनी रही तो वैश्विक बाजार में भारत टिक नहीं पाएगा। रुपए की इस कमजोरी को हमारे व्यापारी बर्दाश्त नहीं कर पाएंगे।
मोदी ने संप्रग सरकार से सवाल किया कि पड़ोसी देशों –पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश की मुद्राएं डॉलर के मुकाबले कमजोर नहीं हुईं तो अकेला रुपया कैसे डॉलर के मुकाबले कमजोर होता चला गया।
मोदी ने कहा, ऐसा केवल भ्रष्ट राजनीति के चलते हुआ है। मैं बहुत गम्भीर आरोप लगा रहा हूं। कांग्रेस बच नहीं सकती। वह बचने का सामर्थ्य खो चुकी है, वह देश को क्या बचाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, सरकार द्वारा रोज-रोज आरोप लगाने और मनगढ़ंत बातें करने से जनता उसके झांसे में नहीं आएगी। हमने विकास की राजनीति की है और विकास का रास्ता अपनाया है।
मोदी ने कहा, हमारा संकल्प है कि हम विकास की राजनीति नहीं छोड़ेंगे। यही रास्ता, गरीबों, किसानों और देश का भला कर सकता है, यही रास्ता नौजवानों में उम्मीद पैदा कर सकता है। इसी रास्ते को अपनाकर हम 2012 का विधानसभा चुनाव जीतेंगे।

Trending news