लखनऊ में गरजे मोदी, बोले-सुनामी में बह जाएंगे सपा, बसपा और कांग्रेस
Advertisement

लखनऊ में गरजे मोदी, बोले-सुनामी में बह जाएंगे सपा, बसपा और कांग्रेस

भारतीय जनता पार्टी के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी लखनऊ के विराट रमाबाई अम्बेडकर मैदान पर ‘विजय शंखनाद’ रैली को कुछ ही देर में संबोधित करेंगे।

fallback

ज़ी मीडिया ब्यूरो
-हौंसले बुलंद हों तो परिस्थितियां भी अवसर में बदल जाती हैं। आऩे वाला दशक दलितों, पीड़ितों और पिछड़ों का है। मैं भरोसा देना चाहता हूं कि मैं दिल्ली में चौकीदार के रूप में बैठूंगा। देश की तिजोरी पर मैं किसी का पंजा नहीं पड़ने दूंगा।
-यहां के एक मंत्री की भैंस खो गई। यहां नौजवान खो जाता है लेकिन वह खबर नहीं बनता लेकिन भैंस खबर बन गई। अपनी नाकामियां, विफलताएं छिपाने के लिए ये राजनीतिक दल सेक्युलरिज्म का ढिंढोरा पीटते हैं। जो लोग सेक्युलरिज्म की चर्चा करते हैं, मैं कहना चाहता हूं कि उनका सेक्युलरिज्म वोट बैंक की राजनीति है।
-नेताजी मुलायम सिंह यादव पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने अपनी पराजय स्वीकार कर ली है। नेता जी ने अपने भाषणों में अब विकास का जिक्र करने लगे हैं। मुलायम सिंह पर तल्ख टिप्पणी करते हुए भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार ने कहा कि नेताजी के नाक के नीचे दंगे होते हैं। नेताजी के राज में एक साल में 150 दंगे हुए। यूपी में एक साल में 20 हजार से ज्यादा महिलाओं का उत्पीड़न हुआ है।
-मोदी ने कहा कि समाजवादी पार्टी किस मुंह से गुजरात से तुलना करती है। गुजरात की प्रति व्यक्ति आय 75 हजार रुपए है जबकि उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 26 हजार रुपए है। विकास क्या होता है, उसे मैंने करके दिखाया है।
मोदी ने कहा-उत्तर प्रदेश क्षेत्रफल के हिसाब से गुजरात से 10 गुना बड़ा है लेकिन गुजरात के 99 फीसदी घरों में बिजली जाती है। जबकि उत्तर प्रदेश में मुश्किल से 40 फीसदी गांवों में बिजली पहुंचती है। विकास के पैमाने पर उत्तर प्रदेश पिछड़ा हुआ है। मुलायम सिंह को विकास की चिंता नहीं है क्योंकि वह वोट बैंक की राजनीति में उलझे हुए हैं।
-मोदी ने कहा कि चारों तरफ भगवा महासमुद्र नजर आ रहा है और चुनावी तिथि की घोषणा होते ही यह महासमुद्र सूनामी में बदल जाएगा और चुनाव में सपा, बसपा, कांग्रेस सबका विनाश हो जाएगा। लखनऊ की अदब और तहजीब की प्रशंसा करते हुए कहा कि कहा जाता है कि 'मुस्कुराइए क्योंकि आप लखनऊ' में हैं। लखनऊ की अदब और तहजीब को नष्ट किया जा रहा है।
-लखनऊ के विराट रमाबाई अम्बेडकर मैदान पर ‘विजय शंखनाद’ रैली को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि बारिश और ओले से किसानों का जो नुकसान हुआ है, उस दुख में वह उनके साथ हैं। मोदी ने कहा कि राज्य में सोमवार से बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं, इसके लिए वह छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हैं।
इसके पहले रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार समाजवादी पार्टी की वजह से चल रही है। राजनाथ ने कहा कि देश को लूटने का काम तीनों पार्टियां सपा, बसपा और कांग्रेस मिलकर कर रही हैं। देश का विकास केवल भाजपा के हाथों हो सकता है।
रैली को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि आजाद भारत में अब तक किसी राजनेता पर इतने हमले नहीं हुए हैं जितने हमले नरेंद्र मोदी पर हुए हैं। लेकिन इन हमलों से मोदी की लोकप्रियता देश में ही नहीं बल्कि विदेश में भी बढ़ी है।
राजनाथ ने उत्तर प्रदेश की समाजवादी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की जनता आज खुद को ठगा महसूस कर रही है। राज्य में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। महिलाएं असुरक्षित हैं। राज्य में सरकार से बड़ी 'भैंस' हो गई है। इससे पहले, भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह भाजपा में आधिकारिक रूप से शामिल हो गए। उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।
इस बीच, भाजपा की नेता उमा भारती ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि समय आ गया है कि लोग यूपीए सरकार की विदाई कर दें।
मोदी का भाषण सुनने के लिए लाखों की भीड़ जुट चुकी है। मंच पर पूर्व सेनाध्यक्ष वीके सिंह, कलराज मिश्र सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। रैली में महिलाएं भी काफी संख्या में जुटी हैं। रैली को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने कहा कि सारी पार्टियां मिलकर नरेंद्र मोदी को रोकना चाहती हैं। कल्याण सिंह ने कहा कि बसपा, सपा के मुखिया पीएम बनने का ख्वाब देख रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि आप पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी पीएम बनने का सपना देख रहे हैं।

Trending news