अभी भी कोमा में हैं जसवंत, देखने पहुंचे मोदी और मनमोहन
Advertisement

अभी भी कोमा में हैं जसवंत, देखने पहुंचे मोदी और मनमोहन

ज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शनिवार को अलग-अलग समय में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता जसवंत सिंह को देखने धौला कुआं स्थित आर्मी रिसर्च ऐंड रेफरल हॉस्पिटल पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की बैठक को संबोधित करने के तुरंत बाद हॉस्पिटल के लिए रवाना हुए। मोदी ने डॉक्टरों से जसवंत सिंह के स्वास्थ्य के बारे में जाना।

इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी आज थलसेना के रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल गए और पूर्व रक्षा मंत्री जसवंत सिंह की तबीयत के बारे में पता किया। मनमोहन सिंह ने जसवंत का इलाज कर रहे डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में पूछा। मनमोहन ने एक पत्र लिखकर जसवंत के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। पत्र में पूर्व प्रधानमंत्री ने लिखा, ‘मुझे यह सुनकर दुख हुआ कि गिरने की वजह से लगी चोट के कारण आप अस्पताल में भर्ती हैं। मैं आपके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’

जसवंत सिंह अभी भी कोमा में ही हैं और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। जसवंत सिंह को गुरुवार देर रात घर में बाथरूम जाते वक्त फिसलकर गिर जाने से सिर में गहरी चोट आई थी। रक्षा मंत्रालय ने उनकी हालत को लेकर शनिवार को ताजा जानकारी देते हुए कहा कि सिंह न्यूरोसर्जन और क्रिटिकल केयर एक्सपर्ट्स की एक टीम की लगातार निगरानी में हैं। रक्षा मंत्रालय के अनुसार पूर्व केंद्रीय मंत्री अब भी कोमा में हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है।

Trending news