भाजपा ने जारी की नौ और उम्मीदवारों की सूची
Advertisement

भाजपा ने जारी की नौ और उम्मीदवारों की सूची

भाजपा ने लोकसभा चुनावों के लिए रविवार को नौ और उम्मीदवारों की सूची जारी की जिनमें महाराष्ट्र से तीन, उत्तर प्रदेश से दो और ओडिशा के लिए चार प्रत्याशियों के नाम हैं।

नई दिल्ली : भाजपा ने लोकसभा चुनावों के लिए रविवार को नौ और उम्मीदवारों की सूची जारी की जिनमें महाराष्ट्र से तीन, उत्तर प्रदेश से दो और ओडिशा के लिए चार प्रत्याशियों के नाम हैं।
पार्टी ने पुणे इकाई के अध्यक्ष अनिल शिरोल को पुणे लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। गोपनाथ मुंडे के वफादार माने जाने वाले शिरोल का इस सीट के टिकट के लिए पूर्व भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी के समर्थक गिरीश बापत से कड़ा मुकाबला था।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर भी इस निर्वाचन क्षेत्र से टिकट पाने की दौड़ में थे। भाजपा ने नंदूरबार (अनुसूचित जनजाति) सीट से हीना विजय कुमार गावित को टिकट दिया है जो राकांपा के पूर्व मंत्री विजय कुमार गावित की बेटी हैं। विजय को अपनी बेटी के भाजपा में शामिल होने पर महाराष्ट्र मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना पड़ा था। भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी समिति के सदस्य सुनील गायकवाड़ महाराष्ट्र की लातूर (अनुसूचित जाति) सीट से चुनाव लड़ेंगे।
उत्तर प्रदेश में पार्टी ने कंवर सिंह तंवर को स्थानीय भाजपा नेताओं के विरोध के बावजूद अमरोहा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतारा है। पार्टी ने वागीश पाठक को बदायूं सीट से टिकट दिया है। ओड़िशा में पार्टी ने समीर डे को कटक से और बिष्णु दास को केंद्रपाड़ा निर्वाचन क्षेत्र से अपना उम्मीदवार बनाया है। पुरी से पार्टी ने अशोक साहू और भुवनेश्वर से पृथ्वीराज हरिचंदन को टिकट दिया है।
पार्टी महासचिव थावरचंद गहलोत ने कहा कि इन सीटों पर फैसला पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में लिया गया। (एजेंसी)

Trending news