ममता के खिलाफ टिप्पणी पर दिग्विजय को झिड़की
Advertisement

ममता के खिलाफ टिप्पणी पर दिग्विजय को झिड़की

कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह को तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी के खिलाफ उनकी टिप्पणियों के लिए झिड़कते हुए कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि वह मीडिया से बात करने के लिए आधिकारिक रूप से अधिकृत नहीं हैं।

नई दिल्ली : कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह को तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी के खिलाफ उनकी टिप्पणियों के लिए झिड़कते हुए कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि वह मीडिया से बात करने के लिए आधिकारिक रूप से अधिकृत नहीं हैं।
पार्टी ने यहां एक विज्ञप्ति में कहा कि दिग्विजय सिंह पार्टी की तरफ से बोलने के लिए आधिकारिक रूप से अधिकृत नहीं हैं। पार्टी का यह बयान दिग्विजय सिंह की उस टिप्पणी के एक दिन बाद आया है जिसमें सिंह ने ममता बनर्जी को ‘अपरिपक्व’ और ‘अस्थिर’ बताया था और कहा था कि पार्टी के धर्य की एक सीमा होती है। सिंह ने टेलिविजन इंटरव्यू में कहा था कि ममता को मनाने के लिए पार्टी एक सीमा से आगे नहीं जाएगी।
दिग्विजय सिंह पार्टी में उत्तर प्रदेश मामलों के प्रभारी है जहां हाल में विधानसभा चुनाव में पार्टी को भारी पराजय का सामना करना पड़ा था। यह पहला अवसर नहीं है जब पार्टी ने उनके बयानों से अपने को अलग किया है या उनकी टिप्पणियों को नामंजूर किया है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने सवालों के जवाब में कहा था, उन्हें मनाने के सभी प्रयास किए गए, उनके विचारों को स्वीकार किया गया, उनकी हठ को माना गया, एक खास सीमा से परे, फैसला उनका है। आपके झुकने की एक सीमा होती है। कुछ घटनाएं ऐसी होती हैं, जो टाली नहीं जा सकतीं तो उनका सामना करना पड़ता है। सिंह एक न्यूकज चैनल पर सवालों का जवाब दे रहे थे कि यदि ममता बनर्जी सत्तारूढ़ गठबंधन से अलग होने का फैसला करती हैं तो क्या कांग्रेस संप्रग से उनके अलग होने को रोकने के लिए यथासंभव कोशिश करने के लिए तैयार है ।
कांग्रेस महासचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी अपने से ममता बनर्जी से संप्रग छोड़ने को नहीं कह रही है और ‘न ही उन्हें बाहर फेंक रही है।’ (एजेंसी)

Trending news