इंदिरा गांधी नहीं थीं धर्मनिरपेक्ष: नरेंद्र मोदी
Advertisement

इंदिरा गांधी नहीं थीं धर्मनिरपेक्ष: नरेंद्र मोदी

गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर की गई टिप्‍पणी ने अब नए विवाद को जन्म दे दिया है। एक समारोह में मोदी ने पूर्व पीएम इंदिरा गांधी की धर्मनिरपेक्ष छवि पर ही सवाल उठा दिया। गौर हो कि इन दिनों भाजपा और संघ के बीच चल रही उठापटक में फंसे मोदी के इन बयानों से फिर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी
नई दिल्ली/मुंबई : गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर की गई टिप्‍पणी ने अब नए विवाद को जन्म दे दिया है। एक समारोह में मोदी ने पूर्व पीएम इंदिरा गांधी की धर्मनिरपेक्ष छवि पर ही सवाल उठा दिया। गौर हो कि इन दिनों भाजपा और संघ के बीच चल रही उठापटक में फंसे मोदी के इन बयानों से फिर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
मोदी ने मुंबई में एक अवार्ड समारोह को संबोधित करने के दौरान कहा था कि दिवंगत प्रधानमंत्री ने पूर्वोत्तर में एक चुनाव रैली के दौरान घोषणा की थी कि अगर कांग्रेस ने चुनाव जीता तो बाइबल के मुताबिक शासन किया जाएगा। लेकिन किसी भी धर्मनिरपेक्षतावादी ने इस बयान पर आपत्ति नहीं जताई। मोदी ने उत्तर-पूर्वी राज्यों के पिछड़ेपन का ठीकरा इंदिरा सरकार की नीतियों पर फोड़ा। उन्हों ने इंदिरा गांधी पर पूर्वोत्तर से देश की दूरियां बढ़ाने का आरोप मढ़ा।
पूर्वोत्तर के लोगों को जान बूझकर उपेक्षित रखा गया,जबकि यहां के कई लोगों ने राष्ट्र् की खातिर बलिदान दिया। मोदी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर भी प्रहार करते हुए कहा कि वे असम का प्रतिनिधित्व करने के बावजूद पूर्वोत्तर के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस की सभी केंद्र सरकारों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उत्तर पूर्व के राज्यों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने और वहां के खराब हालात के लिए इंदिरा गांधी की नीतियां जिम्मेदार रही हैं।
उधर, कांग्रेस ने पलटवार करते हुए इंदिरा गांधी की नीतियों को सांप्रदायिक बताने पर मोदी को आड़े हाथ लिया है। कांग्रेस ने कहा कि ऐसा काम मोदी खुद करते हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को कांग्रेस ने आज दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। मोदी ने मुंबई में एक अवार्ड समारोह को संबोधित करने के दौरान कहा था कि दिवंगत प्रधानमंत्री ने पूर्वोत्तर में एक चुनाव रैली के दौरान घोषणा की थी कि अगर कांग्रेस ने चुनाव जीता तो बाइबल के मुताबिक शासन किया जाएगा।
पार्टी प्रवक्ता राशिद अल्वी ने कहा कि इंदिरा गांधी कांग्रेस पार्टी की बहुत सम्मानित नेता थीं, जिनकी प्रतिष्ठा विरोधियों के बीच भी थी। उन्होंने कहा कि अगर कोई उनके खिलाफ ऐसी टिप्पणी करता है तो यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।
त्रिपुरा के कांग्रेस प्रभारी लुसियानो फलेरियो ने मोदी के बयान पर ताना कसते हुए कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री ने क्या कभी पूर्वोत्तर का दौरा किया है। उन्होंने कहा कि मोदी गुजरात के बारे में बोल सकते हैं, पूर्वोत्तर के बारे में नहीं। क्या वह कभी पूर्वोत्त्तर गए हैं?

Trending news