कृष्णा ने की पाक के लिए शांति की कामना
Advertisement

कृष्णा ने की पाक के लिए शांति की कामना

विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा द्वारा अपनी यात्रा पर संतोष प्रकट करने और पाकिस्तान के साथ भरोसे का संबंध बनाने का वादा किए जाने के साथ भारत ने रविवार को पाकिस्तान की शांति, प्रगति और स्थायित्व की कामना की।

लाहौर : विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा द्वारा अपनी यात्रा पर संतोष प्रकट करने और पाकिस्तान के साथ भरोसे का संबंध बनाने का वादा किए जाने के साथ भारत ने रविवार को पाकिस्तान की शांति, प्रगति और स्थायित्व की कामना की।
कृष्णा ने अपनी तीन दिवसीय यात्रा की समाप्ति पर पाकिस्तानी नेतृत्व के साथ अपनी वार्ता को सार्थक बताया। इस यात्रा के दौरान उदार वीजा नियम के समझौते पर भी हस्ताक्षर किया गया।
कृष्णा ने पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री राजा परवेज अशरफ और विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार के साथ अपनी वार्ता के बारे में कहा कि यह दोनों देशों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध में मदद पहुंचाने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह मेरी और प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह तथा भारत के अवाम की दिली तमन्ना है कि पड़ेासी मुल्क पाकिस्तान में स्थिरता, शांति और प्रगति हो क्योंकि ऐसा होना समूचे क्षेत्र के लिए अच्छा होगा।
कृष्णा के साथ गए भारतीय अधिकारियों ने कहा, मंत्री अपनी यात्रा से कुल मिलाकर संतुष्ट हैं। उन्होंने बताया कि विदेश मंत्री की पाकिस्तान के शीर्ष नेताओं से अच्छी चर्चा हुई और इसे जारी रहना चाहिए।
भारत और पाकिस्तान के बीच इस्लामाबाद में दो दिन से अधिक समय तक चर्चा हुई। कृष्णा और पाकिस्तान की विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार ने आतंकवाद, जम्मू कश्मीर और सियाचिन सहित सभी द्विपक्षीय मुद्दों के अंतिम दौर की चर्चा की समीक्षा की।
उन्होंने भविष्य में होने वाली चर्चाओं का खाका भी तैयार किया। दोनों मंत्रियों ने संयुक्त आयोग की बैठक की अध्यक्षता भी की।
कृष्णा की यात्रा के दौरान दोनों ही देशों ने विदेश मंत्री की इस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने उदार वीजा नियम और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए समझौते कर नागरिकों के आपसी संपर्क के क्षेत्र में प्रगति की।
मुंबई हमलों से जुड़े मामलों के बारे में भारत की चिंताओं पर कोई प्रगति नहीं हुई। इस्लामाबाद ने सिर्फ इतना भरोसा दिलाया कि वह अपने कानून के मुताबिक साजिशकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज करेगा। (एजेंसी)

Trending news