देश भर में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
Advertisement

देश भर में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

देश की आजादी की 67वीं वर्षगांठ का जश्न गुरुवार को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पूर्वोत्‍तर के असम और मणिपुर में बम विस्फोटों को छोड़कर शेष जगहों पर समारोह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए।

नई दिल्ली : देश की आजादी की 67वीं वर्षगांठ का जश्न गुरुवार को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पूर्वोत्‍तर के असम और मणिपुर में बम विस्फोटों को छोड़कर शेष जगहों पर समारोह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए।
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर निशाना साधा, तो जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री ने राज्य के साथ `सौतेले व्यवहार` पर असंतोष जाहिर किया। गोवा में एक व्यक्ति ने इस अवसर पर राज्य में कुकुरमुत्ते की तरह उग रहे जुआ घरों पर विरोध जताने के लिए मांडोवी नदी को तैर कर पार किया।
असम में संदिग्ध बोडो आतंकवादियों ने कोकराझार शहर के तेंगापारा में विस्फोट कर स्वतंत्रता दिवस समारोह में व्यवधान पैदा करने की कोशिश की। विस्फोट में एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने वहीं से एक और बम बरामद किया।
चिरांग जिले के बिजनी में एक बम बरामद किया गया। यहां मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों ने बम फेंका, लेकिन वह फट नहीं पाया। मणिपुर में हुए बम विस्फोट से समारोह में खलल पड़ी। मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह ने शांति की अपील की थी। विस्फोट में कोई घायल नहीं हुआ।
नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी मुख्यालय पर ध्वजारोहण किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और राहुल गांधी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद थे। नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्रियों में लाल बहादुर शास्त्री और अटल बिहारी वाजपेयी का उल्लेख नहीं करने और पाकिस्तानी सेना के हाथों शहीद हुए पांच भारतीय जवानों को लेकर पाकिस्तान के खिलाफ तकरीर में आग नहीं उगलने के लिए मनमोहन सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री को भ्रष्टाचार पर भी कुछ कहना चाहिए था।
उनकी इस बयानबाजी पर भारतीय जनता पार्टी के नेता लालकृष्ण आडवाणी ने शालीन टिप्पणी की कि स्वतंत्रता दिवस `दूसरों की आलोचना` करने का मौका नहीं होता।
उधर, किश्तवाड़ दंगों को लेकर हो रही आलोचनाओं का दर्द बयां करते हुए जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सवाल किया कि कश्मीरियों के साथ अलग तरह का व्यवहार क्यों किया जाता है। कड़ी सुरक्षा के बीच श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में तिरंगा फहराने और सलामी लेने के बाद अब्दुल्ला ने आरोप लगाया कि किश्तवाड़ की घटना का `दुरुपयोग` किया गया।
हैदराबाद में सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश मुख्यालय गांधी भवन में समारोह के दौरान जय तेलंगाना के नारे लगाए गए। राज्य के प्रस्तावित बंटवारे के विरोध को देखते हुए आंध्र प्रदेश में सुरक्षा की अभूतपूर्व व्यवस्था की गई थी। पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने स्वतंत्रता दिवस पर दिए गए अपने संदेश में केंद्र द्वारा राज्य की अनदेखी की शिकायत की।
त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में भारी बारिश ने समारोह को महज 10 मिनट में समेटने पर मजबूर कर दिया। मुख्यमंत्री माणिक सरकार को सिर्फ दो मिनट में अपना भाषण खत्म करने पर बाध्य होना पड़ा। अगरतला में ढाई घंटे तक समारोह चलना था।
महाराष्ट्र में स्वतंत्रता दिवस समारोह पर, बुधवार को घटी नौसेना की त्रासदी का असर रहा। बुधवार को नौसेना की एक पनडुब्बी में विस्फोट हुआ और वह डूब गई, जिसमें 18 नौसैनिकों के मारे जाने की आशंका है। मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने मंत्रालय पर तिरंगा फहराया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उम्मीद जताई की राज्य देश में अपनी खास जगह पाने में कामयाब होगा। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता स्थित इंदिरा गांधी सरणि में तिरंगा फहराया।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पहले स्वतंत्रता दिवस संबोधन में घोषणा की कि यदि नक्सली हिंसा छोड़ने पर राजी हों तो सरकार उनसे बातचीत के लिए तैयार है।
कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों से भी स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन की सूचना मिली हैं। पंजाब में अटारी-वाघा सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पाकिस्तानी रेंजरों को फल एवं मिठाई भेंट की और दोनों पक्षों ने एक दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। (एजेंसी)

Trending news