ग्रेंके शतरंज क्लासिक में विश्वनाथन आनंद ने बकरोट से खेला ड्रा
Advertisement
trendingNow1247126

ग्रेंके शतरंज क्लासिक में विश्वनाथन आनंद ने बकरोट से खेला ड्रा

भारत के पांच बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद ने ग्रेंके शतरंज क्लासिक में अपना लगातार तीसरा ड्रा खेला और फ्रांस के एटिने बकरोट के साथ तीसरे दौर में अंक बांटने के कारण वह संयुक्त तीसरे स्थान पर खिसक गये हैं।

बादेन-बादेन (जर्मनी) : भारत के पांच बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद ने ग्रेंके शतरंज क्लासिक में अपना लगातार तीसरा ड्रा खेला और फ्रांस के एटिने बकरोट के साथ तीसरे दौर में अंक बांटने के कारण वह संयुक्त तीसरे स्थान पर खिसक गये हैं।

पिछले दौर में जर्मनी के अर्कादिज नैडिश के खिलाफ अच्छी स्थिति में होने के बावजूद पूरा अंक हासिल करने में नाकाम रहे आनंद ने काले मोहरों से किसी तरह का जोखिम नहीं उठाया। उन्होंने बर्लिन डिफेन्स अपनाया और बकरोट के खिलाफ जीत की कोशिश नहीं की। बकरोट भी ड्रा से संतुष्ट लग रहे थे।

नैडिश ने हालांकि टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर किया। उन्होंने एक करीबी मुकाबले में नार्वे के विश्व चैंपियन मैगनस कार्लसन को हराया। इस जीत से नैडिश ने इटली के फैबियानो कारूआना के साथ संयुक्त बढ़त हासिल कर ली है। कारूआना ने खराब फार्म में चल रहे आर्मेनिया के लेवोन आरोनियन को हराया। आठ खिलाड़ियों के राउंड रोबिन टूर्नामेंट की अगली बाजी में भी परिणाम निकला।

इंग्लैंड के माइकल एडम्स ने जर्मन ग्रैंडमास्टर डेविड बारामिट्ज को हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की। नैडिश और कारूआना के अब संभावित तीन में से दो-दो अंक हैं। आनंद, बकरोट, कार्लसन और एडम्स के समान 1.5 अंक हैं। आरोनियन और बारामिट्ज के एक-एक अंक हैं। वर्ष के इस दूसरे सुपर टूर्नामेंट में अभी चार दौर की बाजियां खेली जानी हैं।

Trending news