रूस पर दीर्घकालीन रणनीति चाहता है यूरोपीय संघ : टस्क
Advertisement
trendingNow1242130

रूस पर दीर्घकालीन रणनीति चाहता है यूरोपीय संघ : टस्क

यूरोपीय संघ के नए अध्यक्ष डोनाल्ड टस्क ने कहा है कि यूक्रेन में रूस के हस्तक्षेप के कारण उपजी समस्याओं से निपटने के लिए संघ रूस पर ऐसी रणनीति चाहता है, जो कुछ सप्ताह या माह तक ही नहीं, बल्कि वर्षों तक चले।

रूस पर दीर्घकालीन रणनीति चाहता है यूरोपीय संघ : टस्क

ब्रसेल्स : यूरोपीय संघ के नए अध्यक्ष डोनाल्ड टस्क ने कहा है कि यूक्रेन में रूस के हस्तक्षेप के कारण उपजी समस्याओं से निपटने के लिए संघ रूस पर ऐसी रणनीति चाहता है, जो कुछ सप्ताह या माह तक ही नहीं, बल्कि वर्षों तक चले।

पहली बार यूरोपीय संघ के नेताओं के शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता करने के बाद टस्क ने कहा, ‘हमें एक दीर्घकालीन सोच वाली रणनीति, वर्षों की योजना बनाने की जरूरत है। हमें व्यावहारिक होने की जरूरत है। हमें इसे एक लंबी कवायद की तरह देखना है।’ इस सम्मेलन में रूस के साथ संबंधों की समीक्षा की गई।

रूस से निपटते समय ‘आत्मविश्वास वापस हासिल करने और अपनी शक्ति को पहचानने’ का आह्वान यूरोप के लोगों से करते हुए उन्होंने कहा, ‘हमें प्रतिक्रियाशील और बचाव के मुद्रा से आगे बढ़ना चाहिए।’ यूक्रेन में रूस के हस्तक्षेप और खासतौर पर मार्च में क्रीमिया को अपने साथ मिला लेने के कारण यूरोप में भारी संकट पैदा हो गया है। संकट की यह स्थिति शीत युद्ध की समाप्ति के बाद से यूरोप में अब तक का सबसे भयावह संकट है।

इससे यूरोपीय संघ के भीतर प्रतिक्रिया देने से जुड़े मतभेद भी उजागर हो गए हैं। रूस के साथ बड़े व्यापारिक एवं राजनैतिक संबंध रखने वाले जर्मनी और इटली जैसे कुछ सदस्य देश ज्यादा कड़ा रूख अपनाने के खिलाफ हैं और मास्को के खिलाफ प्रतिबंध लगाने के लिए धीमी गति से ही आगे आया। इसके अलावा ब्रिटेन शुरूआत से ही कड़े प्रतिबंधों के लिए दबाव बनाता रहा है ताकि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यह कड़ा संदेश दिया जा सके कि पश्चिमी देश यूक्रेन और क्रीमिया की स्थिति को ‘पत्थर की लकीर’ के रूप में स्वीकार नहीं करेंगे।

टस्क ऐसे पहले पूर्वी यूरोपीय हैं, जो यूरोपीय संघ के नेताओं की यूरोपीय परिषद के प्रमुख बने हैं। वे इससे पहले पोलिश प्रधानमंत्री रह चुके हैं और ऐसी ही कड़ी कार्रवाई की वकालत कर चुके हैं।

Trending news