पाक ने सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों को LoC पर जारी तनाव के बारे में बताया
Advertisement

पाक ने सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों को LoC पर जारी तनाव के बारे में बताया

पाकिस्तान ने आज संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्यों को भारत के साथ नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर जारी तनाव के बारे में जानकारी दी।

पाक ने सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों को LoC पर जारी तनाव के बारे में बताया

इस्लामाबाद : पाकिस्तान ने आज संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्यों को भारत के साथ नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर जारी तनाव के बारे में जानकारी दी।

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा एवं विदेश मामलों पर प्रधानमंत्री के सलाहकार सरताज अजीज ने इस्लामाबाद में अमेरिका, ब्रिटेन, रूस, फ्रांस और चीन के राजदूतों को सुरक्षा हालात की जानकारी दी।

बयान के अनुसार, उन्होंने अपनी चिंता जताते हुए कहा कि भारत के संघर्ष विराम उल्लंघन और भारतीय नेतृत्व के भड़काउ बयान ना केवल शांति प्रयासों के लिए एक झटका हैं बल्कि वर्तमान में जारी ऑपरेशन जर्ब-ए-अज्ब (उत्तर वजीरिस्तान में जारी अभियान) को लेकर पाकिस्तान की आतंकवाद निरोधक प्रतिबद्धता से ध्यान हटाने वाले भी हैं।

अजीज ने इस बात पर निराशा जतायी कि पहले विदेश सचिव स्तर की बातचीत रद्द की गयी और फिर भारत ने नियंत्रण रेखा एवं अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बिना किसी उकसावे के गोलीबारी और गोलाबारी शुरू कर दी जिससे कई नागरिक हताहत हुए, कई घायल हो गए और संपत्ति को व्यापक नुकसान पहुंचा।

अजीज ने प्रधानमंत्री (नवाज शरीफ) के शांतिपूर्ण दक्षिण एशिया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ संपर्क समेत मई 2013 में बनी भारत की नयी सरकार के प्रति सकारात्मक रवैये को रेखांकित किया। उन्होंने राजदूतों को संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून को लिखे अपने पत्र की भी जानकारी दी। पत्र में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से वर्तमान में जारी हालात को ठीक करने और यूएनएमओजीआईपी :भारत और पाकिस्तान से जुड़ा संयुक्त राष्ट्र का सैन्य पर्यवेक्षक समूह: द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघनों की निगरानी की मांग की।

अजीज ने पांचों देशों से अपील की कि वे भारत से संघर्ष विराम समझौते का सम्मान करने और एक अर्थपूर्ण एवं गंभीर वार्ता का हिस्सा बनने को कहें। पाकिस्तान के विदेश सचिव भी इस दौरान अजीज के साथ थे। पाकिस्तान ने भारत के साथ सीमा पर जारी तनाव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने का फैसला किया है। इसी के तहत आज उसने सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्यों के राजदूतों को भारत के साथ सीमा पर जारी तनाव के बारे में बताया।

Trending news