Deoria Lok Sabha Election 2024: बिहार से लगा पूर्वी यूपी का जिला देवरिया आजादी से पहले ही गोरखपुर से अलग हुआ था. बाद में देवरिया से कुशीनगर अलग जिला बन गया. 'देवरिया' शब्द का मतलब ऐसे स्थान से होता है जहां मंदिर होते हैं. देवरिया का पुराना नाम 'देवपुरिया' मिलता है. देवरिया जिले में ही देवरहा बाबा ने आश्रम बनाया था. राजनीति की बात करें तो पिछली बार भाजपा के टिकट पर यहां से रमापति राम त्रिपाठी जीते थे. यह क्षेत्र ब्राह्मण बेल्ट माना जाता है. कांग्रेस ने इस बार अखिलेश प्रताप सिंह पर भरोसा जताया है. 


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

देवरिया लोकसभा चुनाव 2024 रिजल्ट


देवरिया में 1 जून को मतदान हुआ. दोपहर 3 बजे तक यहां 47 प्रतिशत से ज्यादा लोग वोट कर चुके थे. नतीजे 4 जून को आएंगे. 


मोदी लहर में जीते कलराज मिश्र


मोदी लहर में 2014 के लोकसभा चुनाव में कलराज मिश्र सांसद बने थे, जो अब गवर्नर हैं. वह चुनाव लड़ने गए तो विरोधियों ने बाहरी का मुद्दा उछाल दिया. तब कलराज मिश्र ने बताया था कि उनके पुरखे यहां के पयासी गांव के ही रहने वाले थे. उन्होंने बसपा उम्मीदवार को ढाई लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया. सपा और कांग्रेस तीसरे, चौथे नंबर पर रही थी. इससे पहले भाजपा 1996 और 1999 में देवरिया से जीती थी. 


यहां पढ़िए देवरिया का इतिहास


पिछले लोकसभा चुनाव में कलराज मिश्र को टिकट नहीं मिला. उनकी जगह रमापति राम त्रिपाठी को भाजपा ने उतारा था. उन्हें भी बाहरी कहा गया था. तब सपा-बसपा गठबंधन ने मुकबला कांटे का बनाने की कोशिश की थी लेकिन भाजपा ने एकतरफा जीत दर्ज की. भाजपा इस बार जीत की हैट्रिक लगाने की तैयारी कर रही है. 



 


इस बार सपा और कांग्रेस ने गठबंधन किया है और देवरिया की लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में है. 


देवरिया लोकसभा सीट से जीते सांसद
1952  विश्वनाथ राय  कांग्रेस
1957  रामजी वर्मा  प्रजा सोशलिस्ट पार्टी
1962  विश्वनाथ राय  कांग्रेस
1967  विश्वनाथ राय  कांग्रेस
1971  विश्वनाथ राय  कांग्रेस
1977  उग्रसेन सिंह  जनता पार्टी
1980  रामायण राय  कांग्रेस
1984  राजमंगल पांडे  कांग्रेस
1989  राजमंगल पांडे  जनता दल
1991  मोहन सिंह  जनता दल
1996  प्रकाश मणि त्रिपाठी  भाजपा
1998  मोहन सिंह  सपा
1999  प्रकाश मणि त्रिपाठी  भाजपा
2004  मोहन सिंह  सपा
2009  गोरख प्रसाद जयसवाल  बसपा
2014  कलराज मिश्र  भाजपा
2019  रमापति राम त्रिपाठी  भाजपा

 


देवरिया की आबादी और जातीय समीकरण


- एक रिपोर्ट के अनुसार देवरिया लोकसभा सीट पर ब्राह्मण 27 प्रतिशत, अनुसूचित जाति के लोग 14 प्रतिशत, मुस्लिम 12 प्रतिशत, वैश्य 8 प्रतिशत, कुर्मी-क्षत्रिय, कायस्थ और राजभर 5-5 प्रतिशत के करीब हैं.  
- देवरिया में वोटर करीब 18 लाख हैं. इसमें महिलाएं 8 लाख के करीब हैं. 
- देवरिया लोकसभा सीट में पांच विधानसभाएं आती हैं, पिछले चुनाव में सभी भाजपा ने जीती हैं. इसमें पथरदेवा, देवरिया सदर, रामपुर कारखाना, तमुकुहीराज और फाजिलनगर सीट शामिल हैं.