रांची: झारखंड की राजधानी रांची में पिछले 24 घंटों में हल्की बारिश से मौसम थोड़ा सुहावना हो गया, लेकिन अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 45.6 डिग्री गढ़वा और सबसे कम 26.6 डिग्री रांची में रहा. बुधवार को पूरे राज्य में हीटवेव की संभावना जताई गई है. रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बिहार से गुजरने वाली पूर्वी-पश्चिमी ट्रफ का असर झारखंड में भी देखा गया, लेकिन बुधवार को इसका प्रभाव कम रहेगा. आज फिर से झारखंड में हीटवेव का असर रहेगा, जिससे प्रदेश के कई जिलों में तापमान बढ़ने की संभावना है. यह स्थिति मानसून आने तक बनी रहेगी.


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार रांची में येलो अलर्ट जारी किया गया है, क्योंकि आज यहां गर्म हवाएं चलने की संभावना है. चतरा और लातेहार जिलों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट है. पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, चतरा और पलामू जिलों में हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां तापमान 45 डिग्री पार जा सकता है. साथ ही कहा कि जिन जिलों में रेड अलर्ट जारी है, वहां के लोग सावधान रहें और सुबह 11:00 से 3:00 बजे के बीच बाहर जाने से बचें, क्योंकि इस समय हीट स्ट्रोक लगने की संभावना अधिक होती है. हीट स्ट्रोक से जान का खतरा भी हो सकता है, इसलिए इस चेतावनी को हल्के में न लें.


आज के संभावित अधिकतम तापमान की बात करें तो देवघर, दुमका, धनबाद, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज में अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 31 डिग्री हो सकता है. कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, पलामू में अधिकतम 45 डिग्री और न्यूनतम 31 डिग्री, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला में अधिकतम 44 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री और पश्चिमी व पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला में अधिकतम 44 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री तापमान रहने की संभावना है. इस प्रकार झारखंड के लोगों को आगामी दिनों में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है, खासकर उन जिलों में जहां रेड अलर्ट जारी किया गया है. हीटवेव से बचाव के लिए जरूरी एहतियात बरतें और गर्मी के समय में बाहर जाने से बचें.


ये भी पढ़िए- कटिहार से अमृतसर के बीच कितनी दूरी तय करती है आम्रपाली एक्सप्रेस, जानें कितना लगता है समय