झारखंड: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह का निधन, राहुल गांधी-हेमंत सोरेन ने जताया दुख
Advertisement
trendingNow0/india/bihar-jharkhand/bihar685919

झारखंड: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह का निधन, राहुल गांधी-हेमंत सोरेन ने जताया दुख

राजेंद्र सिंह के निधन पर बिहार-झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई. इस दौरान पूर्व मंत्री के निधन पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के दिग्गज नेताओं ने शोक प्रकट किया है.

झारखंड: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह का निधन, राहुल गांधी-हेमंत सोरेन ने जताया दुख. (फाइल फोटो)

रांची: झारखंड कांग्रेस (Congress) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह (Rajendra Singh) का राजधानी दिल्ली में इलाज के दौरान निधन हो गया. राजेंद्र सिंह वर्तमान में झारखंड की बेरमों सीट से विधायक थे. उनके निधन पर बिहार-झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई. इस दौरान पूर्व मंत्री के निधन पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के दिग्गज नेताओं ने शोक प्रकट किया है.

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने भी राजेंद्र सिंह के निधन पर शोक जताया.

वहीं, बिहार कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने शोक जताते हुए कहा कि, राजेंद्र सिंह का जाना कांग्रेस के लिए बड़ी क्षति है. झारखंड कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह ने भी राजेंद्र सिंह के निधन पर शोक जताया है.

झारखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश (Deepak Prakash) ने गहरा शोक प्रकट किया है. उन्होंने कहा कि, राजेंद्र सिंह का जाना, प्रदेश के लिए यह अपूरणीय क्षति है. इसी क्रम में, राज्यसभा सांसद व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धीरज साहू, झारखंड में बीजेपी विधायक दल के नेता बाबुलाल मरांडी (Babulal Marandi), कांग्रेस प्रवक्ता राजीव रंजन, पेयजल एवं स्वक्षता मंत्री मिथलेश ठाकुर, ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने भी गहरा शोक जताया है.

वहीं, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा (Arjun Munda) ने भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक राजेंद्र सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा, 'राजेंद्र सिंह एक मृदुभाषी बड़े नेता थे. उनके निधन से झारखंड को बड़ा नुकसान हुआ है. भगवान उनकी आत्मा को शांति और उनके परिजनों को इसे सहन करने की शक्ति प्रदान करें.'

इधर, कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, बिहार के पूर्व सीएम और हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (HAM) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी (Jitan Ram Manjhi) और एमएलसी संतोष मांझी ने भी शोक जताया है. जीतन राम मांझी ने कहा, 'राजेंद्र सिंह के निधन से दुखी हूं, उनके निधन से मुझे व्यक्तिगत क्षति पहुंची है.'