नई दिल्ली : दादरी घटना पर भड़काऊ राजनीतिक बयान जारी है। भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने मंगलवार को कहा कि गाय को बचाने के लिए वह मरने और मारने को तैयार हैं।


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

साक्षी महाराज ने कहा, 'हम अपनी माता का अपमान सहन नहीं करेंगे...हम मरेंगे और मारेंगे।' सांसद ने कहा कि दादरी में अखलाक की पीट-पीटकर मार डालने की घटना पर राजनीति की जा रही है, वह इसकी निंदा करते हैं।    


साक्षी महाराज ने उत्तर प्रदेश की सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि अखिलेश सरकार दादरी घटना से निपटने में नाकाम रही है। सांसद ने कहा कि इस घटना पर उत्तर प्रदेश सरकार दोहरा रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा, 'अखलाख के परिवार को अखिलेश सरकार ने मुआवजा के तौर पर 45 लाख रुपए देने की घोषणा की है। इससे मुझे कोई तकलीफ नहीं है। लेकिन उन्नाव में दो लड़कियों के साथ बलात्कार करने के बाद हत्या कर दी गई तब अखिलेश सरकार ने पीड़ित परिवार को कोई मुआवजा नहीं दिया।'


साक्षी महाराज ने कहा, 'जैसे हमारी अपनी मां है, वैसे ही हमारी भारत मां है और वैसे ही गो माता है।' साक्षी महाराज ने सपा पर हिंद और मुसलमानों के मामले में दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने सोमवार को वाराणसी में हुए बवाल की घटना पर सपा को आड़े हाथ लिया और कहा कि क्या सपा सरकार हिंसा का शिकार लोगों को  मुआवजा देगी?