नई दिल्ली : बुलंदशहर में एक महिला और उसकी नाबालिग बच्ची के साथ सनसनीखेज बलात्कार मामले की गूंज आज लोकसभा में भी सुनायी दी और इसे उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की विफलता का परिणाम बताते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के इस्तीफे की मांग की गयी।


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

 


लोकसभा में शून्यकाल के दौरान भाजपा के बुलंदशहर से सांसद भोला सिंह ने यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि कुछ दिन पहले नोएडा से शाहजहांपुर जाते समय एक परिवार को गुंडों द्वारा निशाना बनाया गया और लूटपाट के साथ ही परिवार की महिला तथा नाबालिग बच्ची के साथ बलात्कार किया गया।


 


उन्होंने कहा कि केवल यही एक घटना नहीं है बल्कि उत्तर प्रदेश में मार्च 2015 से बलात्कार की 2752 और हत्याओं की 1246 घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये सब अपराध प्रदेश सरकार के संरक्षण में हो रहे हैं। भोला सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के दबाव के वजह से पुलिस प्रशासन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर पा रहा है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की जिसका सदन में मौजूद सपा सदस्यों ने कड़ा विरोध किया।