Chandrayaan-3 ने सफलता के झंडे गाड़ दिए हैं. इसी कड़ी में देश के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने इस मिशन की सफलता पर इसरो टीम और वैज्ञानिक समुदाय को बधाई दी. सीजेआई ने कहा कि इसरो ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है. चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग को देखकर हमारे महान राष्ट्र के नागरिक के रूप में उन्हें बहुत गर्व हुआ. सीजेआई ने आगे कहा कि यह साइंटिफिक रिसर्च और खोज में नए रास्ते खोलेगा और यह राष्ट्र की प्रगति में एक मील का पत्थर दर्शाता है.


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

दरअसल, देश के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने आगे कहा है कि चंद्र मिशन की सफलता ने भारत को चंद्र सतह पर सफलतापूर्वक लैंडिंग करने वाले देशों के चुनिंदा समूह में शामिल कर दिया है. यह और भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग करने वाला एकमात्र देश है. 


वहीं इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बुधवार को चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग के बाद इसरो को बधाई दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक वीडियो संदेश में कहा कि चंद्रयान-3 मिशन की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग के साथ,हमारे वैज्ञानिकों ने न केवल इतिहास रचा है, बल्कि भूगोल के विचार को भी नया रूप दिया है। यह सचमुच एक महत्वपूर्ण अवसर है.


वहीं उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के साथ, भारत चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला चौथा देश बन गया है, और चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर यह प्रयास करने वाला पहला देश बन गया है. उपराष्ट्रपति ने एक्स पर पोस्ट लिखा कि 'यह भारत के उत्थान का संकेत देने वाली एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. इस मिशन से जुड़े सभी लोगों को बधाई और देश के दूरदर्शी नेतृत्व को बधाई. (इनपुट- एजेंसी)