नई दिल्ली : देश के प्रतिष्ठित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के परिसर में लावारिस पड़े एक बैग से पिस्तौल और कारतूस बरामद हुये हैं। जेएनयू में एमएससी, बायोटेक्नोलॉजी के छात्र नजीब अहमद के गायब होने के बाद विश्वविद्यालय के छात्रों का एक वर्ग उसकी तलाश के लिए आंदोलन कर रहा है।


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जेएनयू के एक सुरक्षाकर्मी ने देर रात करीब दो बजे काले रंग का एक बैग देखा। इसमें 7.65 एमएम की एक पिस्तौल, सात कारतूस और एक पेंचकस था। विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मी ने जेएनयू प्रशासन को इसके बारे में सूचित किया जिसने पुलिस को बुलाया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ शस्त्र कानून के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।


उल्लेखनीय है कि जेएनयू के छात्र नजीब के गायब होने के मुद्दे पर विश्वविद्यालय के छात्रों का एक वर्ग आंदोलन कर रहा है। आंदोलन करने वालों में लापता छात्र की मां और बहन भी शामिल हैं। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में बायोटेक्नोलॉजी से एमएससी करने वाला 27 वर्षीय छात्र नजीब उत्तर प्रदेश के बदायूं का निवासी है। विश्वविद्यालय परिसर में 15 अक्तूबर को कथित तौर पर एबीवीपी के सदस्यों के साथ हाथापाई के बाद वह से लापता है।