COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

Haryana News: चंद्रयान-3 की लैंडिंग के दौरान इसरो की तरफ से गर्व के उन पलों से जुड़ी जानकारी देश-दुनिया तक पहुंचाई जा रही थी. हिंदी के साथ-साथ इंगलिश में भी लाइव टेलीकास्ट किया गया. खास बात यह है कि इंगलिश में लैंडिंग की पल-पल की जानकारी देश-दुनिया को दे रही वैज्ञानिक कोई और नहीं, बल्कि हरियाणा के अंबाला जिले की बहू आरुषि सेठ हैं.


आरूषि दे रही थीं जानकारी
आरुषि सेठ इसरो में अंतरिक्ष वैज्ञानिक हैं और चंद्रयान-3 में विक्रम लैंडर कंट्रोल यूनिट में कार्यरत हैं, जो इतिहास रचाने के उन पलों के दौरान विक्रम लैंडर कंट्रोल यूनिट की जिम्मेदारी संभाल रही थीं. बुधवार को जब चंद्रयान-3 की लैंडिंग का काउंटडाउन शुरू हुआ तो देश और पूरी दुनिया को इसरो की तरफ से आरुषि सेठ ही पल-पल की जानकारी दे रही थीं.


मंगलयान में भी निभाई थी भूमिका
आरुषि सेठ का हरियाणा के अंबाला से गहरा नाता है. मूलरूप से हैदराबाद की रहने वाली आरुषि सेठ की शादी अंबाला के सेक्टर-9 निवासी सिद्धार्थ शर्मा से हुई है. सिद्धार्थ का पैतृक गांव थंबड़ है. आरुषि और सिद्धार्थ इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी (IIST) से पढ़े हैं. आरुषि के ससुर सुरेंद्र प्रकाश शर्मा ने बताया कि सिद्धार्थ और आरुषि की शादी 2017 में हुई थी. आरुषि साल 2013 से ISRO में हैं. मंगलयान भेजने के दौरान उनकी अहम भूमिका थी. चंद्रयान 2 व चंद्रयान 3 में भी उन्होंने पूरी जिम्मेदारी निभाई . चंद्रयान 2 में जब फेलियर रहा तो आरुषि थोड़ी चिंतित थीं, लेकिन चंद्रयान 3 में उन्होंने कमियां दूर सफलता पाई है. उन्होंने कहा आरुषि ने देश का नाम विश्व मे चमकाया है. परिवार का मान-सम्मान बढ़ाया है. उन्हें अपनी बहू पर बहुत गर्व है.


आरूषि ने किया था लाइव 
बता दें कि कल चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड कर भारत दुनिया का पहला ऐसा देश बन चुका है, जिसने चंद्रमा के साउथ पोल पर लैंडिंग की हो. यह पल भारत के लिए काफी ऐतिहासिक रहा है. इसके साथ ही इस दौरान भारत के कई वैज्ञानिकों की मेहनत रंग लाई, जिनमें से एक आरूषि भी हैं.