नई दिल्ली : इनेलो प्रमुख एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने शनिवार को तिहाड़ जेल में समर्पण कर दिया। दिल्ली उच्च न्यायालय ने हरियाणा में विधानसभा चुनाव में प्रचार करके जमानत की शर्तों का उल्लंघन का दुरूपयोग करने के कारण कल चौटाला से समर्पण करने को कहा था।


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

जमानत पर चल रहे चौटाला ने शनिवार रात आठ बजकर 40 मिनट के आसपास समर्पण किया और उन्हें जेल संख्या दो में भेज दिया गया जहां वह पहले बंद थे। दिल्ली उच्च न्यायालय शुक्रवार को अपने आदेश में स्पष्ट कर दिया था कि उन्हें आज ही समर्पण करना है और समर्पण की समय सीमा बढ़ाने के किसी अनुरोध पर विचार नहीं किया जायेगा।


तिहाड़ के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि रात सात बजे ताला बंद करने का समय होता है और चूंकि चौटाला समयसीमा से डेढ़ घंटे बाद आये हैं, अधिकारी इस बारे में अदालत को जानकारी देंगे। इंडियन नेशनल लोकदल नेता एक एसयूवी से जेल में आये और उनके साथ उनके कई समर्थक थे।


चौटाला को 21 मई 2013 को जमानत दी गयी थी और उसके बाद से इसी आधार पर उनकी जमानत की अवधि बढ़ायी जा रही थी।


एक विशेष सीबीआई अदालत ने 22 जनवरी 2013 को उन्हें, उनके पुत्र अजय एवं आठ अन्य को वर्ष 2000 में 3206 कनिष्ठ अध्यापकों की गैर कानूनी भर्ती में दोषी ठहराते हुए चौटाला को 10 साल के जेल की सजा सुनायी थी। फैसले के खिलाफ उनकी अपील उच्च न्यायालय में विचाराधीन है।


एक सुनवाई अदालत ने कल चौटाला की व्यक्ति रूप से पेश होने से छूट देने तथा मौजूदा हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रचार में हिस्सा लेने के अनुरोध को खारिज कर दिया था। चौटाला एवं अन्य को भारतीय दंड संहिता एवं भ्रष्टाचार निरोधक काननू की विभिन्न धाराओं के तहत दोषी ठहराया गया था।