पटना : भाजपा को रोकने के लिए जनता परिवार को पुनर्जीवित करने के प्रयास का स्वागत करते हुए माकपा ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर इस प्रकार के मोर्चे में शामिल होने के पूर्व उसके सिद्धांत और नीति पर नजर रहेगी।


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

माकपा के पोलित ब्यूरो सदस्य सीताराम येचुरी ने यहां संवादताओं से कहा कि भाजपा के पुनरूत्थान को रोकने के लिए वह जनता परिवार के एक प्लेटफार्म पर आने के प्रयास का स्वागत करते हैं, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर इस प्रकार के मोर्चा में शामिल होने के पूर्व हम उसके सिद्धांत और नीति पर नजर रखेंगे।


माकपा सहित क्या अन्य वामदल इसमें शामिल होंगे यह पूछे जाने पर येचुरी ने कहा कि पहले इन दलों को अपने सिद्धांत और नीतियां पर काम करने दिया जाए।


उन्होंने क्षेत्रीय दलों को सचेत किया कि बिना वामदल को साथ लिए राष्ट्रीय स्तर पर कोई राजनीतिक विकल्प नहीं बनाया जा सकता।


येचुरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आम चुनाव में जनता से किए वादे पूरा करने में विफल साबित होने का आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी अभी भी चुनावी दौर में जी रहे हैं।


भाजपा पर चुनावी फायदे के लिए देश में संप्रदायिकता का जहर घोलने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के समय दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य स्थानों पर संप्रदायिक तनाव ने देश में एक खतरनाक स्थिति पैदा कर दी है।


उन्होंने कहा कि ऐसे समय जबकि संसद का सत्र इस महीने के अंत में शुरू होने वाला है, केंद्र की राजग सरकार नितिगत निर्णयों को सार्वजनिक कर रही है। येचुरी ने कहा कि माकपा कोयला क्षेत्र में निजी क्षेत्र की भागीदारी और उसे निजी क्षेत्र को बेचने का विरोध करेगी।