निर्यात मई में 20.19% घटा, व्यापार घाटा भी हुआ कम
Advertisement
trendingNow1260754

निर्यात मई में 20.19% घटा, व्यापार घाटा भी हुआ कम

भारत का निर्यात लगातार छठे महीने गिरावट का रूख बरकरार रखते हुए मई माह में 20.19 प्रतिशत घटकर 22.34 अरब डॉलर रह गया। निर्यात में गिरावट मुख्य तौर पर वैश्विक नरमी, कच्चे तेल में गिरावट और रुपए में तेजी के मद्देनजर हुई। मई 2014 में देश का वस्तु निर्यात 27.99 अरब डॉलर रहा।

निर्यात मई में 20.19% घटा, व्यापार घाटा भी हुआ कम

नयी दिल्ली : भारत का निर्यात लगातार छठे महीने गिरावट का रूख बरकरार रखते हुए मई माह में 20.19 प्रतिशत घटकर 22.34 अरब डॉलर रह गया। निर्यात में गिरावट मुख्य तौर पर वैश्विक नरमी, कच्चे तेल में गिरावट और रुपए में तेजी के मद्देनजर हुई। मई 2014 में देश का वस्तु निर्यात 27.99 अरब डॉलर रहा।

गौरतलब है कि इससे पहले निर्यात नवंबर 2014 में बढ़ा था जबकि इसमें 7.27 प्रतिशत वृद्धि दर्ज हुई थी। पेट्रोलियम उत्पाद, रत्न एवं जेवरात, इंजीनियरिंग और रसायन समेत प्रमुख निर्यात क्षेत्रों में संकुचन हुआ।

वाणिज्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़े के मुताबिक समीक्षाधीन अवधि में आयात भी 16.52 प्रतिशत घटकर 32.75 अरब डॉलर रह गया। मई माह में व्यापार घाटा कम होकर 10.4 अरब डॉलर रह गया जो मई 2014 में 11.23 अरब डॉलर था।

पेट्रोलियम आयात मई में 40.97 प्रतिशत गिरकर 8.53 अरब डॉलर रह गया। गैर-पेट्रोलियम आयात भी 2.24 प्रतिशत गिरकर 24.21 अरब डॉलर पर आ गया। हालांकि सोने का आयात मई महीने में 10.47 प्रतिशत बढ़कर 2.42 अरब डॉलर हो गया।

अप्रैल-मई 2015 में निर्यात 17.21 प्रतिशत गिरकर 44.4 अरब डॉलर पर आ गया। आयात भी 12.2 प्रतिशत घटकर 65.8 अरब डॉलर रहा जिससे चालू वित्त वर्ष के पहले दो माह में व्यापार घाटा कम होकर 21.39 अरब डॉलर रह गया।

मार्च में देश का निर्यात 21 प्रतिशत घटा था जो पिछले छह महीने की सबसे बड़ी गिरावट थी। भारत 2014-15 के लिए तय 340 अरब डॉलर के निर्यात लक्ष्य से चूक गया। पिछले वित्त वर्ष के दौरान निर्यात 310.5 अरब डॉलर था।

Trending news