अमेरिका में ब्याज दर बढ़ने की आशंका से टूटा सेंसेक्स
Advertisement

अमेरिका में ब्याज दर बढ़ने की आशंका से टूटा सेंसेक्स

रिलायंस इंडस्ट्रीज के निराशाजनक तिमाही नतीजों, अमेरिका में ब्याज दर बढ़ने की आशंका तथा एशियाई बाजारों के मिले-जुले रूख के बीच बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स आज नीचे आ गया। अमेरिकी डालर इंडेक्स के चढ़ने के बीच विदेशी निवेशकों ने अपने हाथ रोके रखे।

मुंबई : रिलायंस इंडस्ट्रीज के निराशाजनक तिमाही नतीजों, अमेरिका में ब्याज दर बढ़ने की आशंका तथा एशियाई बाजारों के मिले-जुले रूख के बीच बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स आज नीचे आ गया। अमेरिकी डालर इंडेक्स के चढ़ने के बीच विदेशी निवेशकों ने अपने हाथ रोके रखे।

जियोजित बीएनबी परिबा फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘अमेरिकी डालर इंडेक्स के बढ़ने से फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना और पुख्ता हुई है जिससे विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में सक्रिय नहीं दिखे। उम्मीद के अनुरूप यूरोपीय केंद्रीय बैंक (ईसीबी) ने यथास्थिति कायम रखी।’ 

बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स आज लगातार नकारात्मक दायरे में रहा। हालांकि, कारोबार के अंतिम चरण में मूल्यवर्धन वाली खरीदारी से बाजार में कुछ सुधार दर्ज हुआ। अंत में सेंसेक्स 52.66 अंक या 0.19 प्रतिशत के नुकसान से 28,077.18 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी शुरुआती दबाव के बाद कुछ सुधरा और अंत में 6.35 अंक या 0.07 प्रतिशत के नुकसान से 8,693.05 अंक पर बंद हुआ।

पश्चिमी जापान में भूकंप के बाद शेष एशिया में मिलाजुला रूख था। हांगकांग बाजार आज बंद था। व्यापक रूख के उलट मिडकैप में 0.31 प्रतिशत तथा स्मालकैप में 0.10 प्रतिशत की बढ़त रही। हालांकि, साप्ताहिक आधार पर सेंसेक्स में 403.58 अंक या 1.45 प्रतिशत, जबकि नेशनल स्टाक एक्सचेंज के निफ्टी में 109.65 अंक या 1.27 प्रतिशत की बढ़त रही है।

Trending news