Trending Photos
नई दिल्ली : ‘पॉकेमोन गो’ के जादू को एक कदम आगे बढ़ाते हुए दिल्ली में पॉकेमोन वॉक का आयोजन किया गया। इस वॉक में ‘ट्रेनर्स’ ने इन डिजिटल जीवों को निशाना बनाकर ‘मॉन्सटर’ की अपनी पोटली में डाल लिया। वाक का आयोजन गैर लाभकारी संगठन ‘परफोर्मर्स कंसोर्टियम’ ने कल शाम पांच बजे इंडिया गेट पर किया। यह देर शाम सात बजकर 45 मिनट तक चला।
संगठन के सह संस्थापक मनु कामथ ने बताया कि इंडिया गेट के आसपास के इलाके में कई पॉकेस्टॉप बनाए गए थे जहां से लोग जितने चाहें उतने पॉकेबॉल इकट्ठे कर सकते थे। इसके बाद हमने उसे उच्च न्यायालय और राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्राहलय से जाकिर हुसैन मार्ग होते हुए पंडारा रोड पर जोड़ा और अंत में इसका समापन खान मार्केट में ‘पॉकेजिम’ पर हुआ। वास्तविक रिएलटी गेम ’पॉकेमोन गो’ सबसे पहले अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में लॉन्च किया गया था और अब यह 30 से अधिक देशों में उपलब्ध है।
हालांकि भारत में यह अभी आधिकारिक तौर पर लॉन्च नहीं हुआ है। लेकिन भारत में इसका खुमार अभी से गेम प्रशंसकों पर चढ़ गया है और वे इसे एंड्रायड एप्लीकेशन पैकेज (एपीके) के जरिए डॉउनलोड करके खेल रहे हैं।