देश के अधिकांश हिस्सों में लू का कहर जारी, अब तक करीब 800 लोगों की मौत
Advertisement

देश के अधिकांश हिस्सों में लू का कहर जारी, अब तक करीब 800 लोगों की मौत

देश भर में लू की स्थिति बने रहने के साथ आंध्र प्रदेश में लू का प्रकोप जारी है और कल से राज्य में कम से कम 149 लोग इसकी चपेट में आकर मारे गए हैं। पूरे देश में लू के कारण अब तक करीब 800 जानें गयी हैं।

देश के अधिकांश हिस्सों में लू का कहर जारी, अब तक करीब 800 लोगों की मौत

नई दिल्ली : देश भर में लू की स्थिति बने रहने के साथ आंध्र प्रदेश में लू का प्रकोप जारी है और कल से राज्य में कम से कम 149 लोग इसकी चपेट में आकर मारे गए हैं। पूरे देश में लू के कारण अब तक करीब 800 जानें गयी हैं।

दिल्ली में गर्मी से लोग बेहाल रहे। साथ ही तेलंगाना, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, ओड़िशा और पश्चिम बंगाल जैसे दूसरे राज्य भी प्रचंड गर्मी से जूझते रहे। इनमें से अधिकतर राज्यों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।

निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के अनुसार ओड़िशा के अंगुल में अधिकतम तापमान 47 डिग्री दर्ज किया गया जबकि महाराष्ट्र के चंद्रपुर और वर्धा में यह क्रमश: 46.6 और 46.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

देश के उत्तरी और दक्षिणी हिस्से में गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है क्योंकि अगले दो दिनों में वहां गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है जिससे पारा कुछ नीचे गिरेगा। दूसरी तरफ कश्मीर घाटी में मौसम सुहाना है और अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसी बीच आंध्र प्रदेश में कल से लू के कारण 149 लोग मारे गए हैं जिसके साथ ही राज्य में मृतकों की संख्या 551 हो गयी है। अकेले गुंटूर जिले में 104 लोग मारे गए हैं। गुंटूर के बाद गोदावरी में सबसे ज्यादा 90, विजयनगरम में 84, विशाखापत्तनम में 61 और प्रकाशम जिले में 57 लोग मारे गए हैं। दूसरे जिलों में यह संख्या 8 से 36 के बीच है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्से में लू की स्थिति बनी रहेगी। देश में लू की चपेट में आकर मारे गए लोगों की संख्या 699 हो गयी है। राजस्थान के कई हिस्सों में लू की स्थिति के कारण आम जनजीवन प्रभावित रहा। राज्य में 45.8 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ कोटा सबसे गर्म जगह रहा। इसके बाद जयपुर में सबसे ज्यादा 44.7, जैसलमेर में 44.2, बाड़मेर में 43.8, बीकानेर में 43.2, जोधपुर में 42.2 और श्रीगंगानगर में 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य में अगले 24 घंटों में गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने की बात कही है। 

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी लू की स्थिति बनी रही। राज्य में 46.4 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ इलाहाबाद सबसे गर्म जगह रहा। मौसम विभाग ने कहा है कि 28 और 29 मई को राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा। पिछले एक हफ्ते से हरियाणा और पंजाब में लू की स्थिति बनी हुई है और आज भी अधिकतर जगहों पर अधिकतम तापमान 41 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा।

चंडीगढ़, हिसार, करनाल, भिवानी, अमृतसर, लुधियाना और पटियाला समेत दूसरी जगहों पर भी गर्मी का प्रकोप जारी रहा। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक यहां लोगों को गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी।

Trending news