आरआर पाटिल का राजकीय सम्‍मान के साथ अंतिम संस्‍कार
Advertisement
trendingNow1248404

आरआर पाटिल का राजकीय सम्‍मान के साथ अंतिम संस्‍कार

महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री आरआर पाटिल को मंगलवार को हजारों लोगों ने अश्रुपूर्ण अंतिम विदाई दी। उनका अंतिम संस्कार यहां राजकीय सम्मान के साथ किया गया।

अंजनी (महाराष्ट्र) : महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री आरआर पाटिल को मंगलवार को हजारों लोगों ने अश्रुपूर्ण अंतिम विदाई दी। उनका अंतिम संस्कार यहां राजकीय सम्मान के साथ किया गया।

राकांपा नेता को अंतिम विदाई देने के लिए उनके पैतृक गांव में मौजूद लोगों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राकांपा प्रमुख शरद पवार, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण और सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे समेत कई दलों के नेता और पाटिल के पूर्व मंत्रिमंडल सहयोगी शामिल थे।

पाटिल के बेटे रोहित ने जैसे ही शव को मुखाग्नि दी, अंतिम संस्कार स्थल पर जुटे हजारों लोगों ने नारे लगाए, ‘आरआर पाटिल अमर रहे’। इस दौरान पाटिल की बेटियां स्मिता एवं सुप्रिया भी वहीं खड़ी थीं। कैंसर से एक लंबी लड़ाई के बाद मुंबई में अंतिम सांस लेने वाले पाटिल के पार्थिव शरीर को आज सुबह यहां लाया गया था और उनके आवास पर ले जाया गया था।

इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को कृषि उत्पाद बाजार समिति ले जाया गया, जहां हजारों लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों में कई महिलाएं भी शामिल थीं। पाटिल की अंतिम यात्रा की शुरुआत चौक क्षेत्र से हुई और पाटिल के पार्थिव शरीर वाला वाहन हैलीपैड ग्राउंड पहुंचा। इसी के पास अंतिम संस्कार किया गया। सरकार ने दिवंगत नेता के सम्मान में राज्य में आज एक दिवसीय शोक घोषित किया है।

Trending news