देशभर में गणपति महोत्सव की धूम, राष्ट्रपति और पीएम ने दी शुभकामनाएं

हिन्दू माह भाद्रपद की चतुर्थी को आज (शुक्रवार) से पूरे देश में गणेश महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। आगामी 10 दिनों तक महाराष्ट्र समेत देश के सभी हिस्सों में गणपति पूजा से माहौल भक्तिमय बना रहेगा। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष और प्रधानमंत्री ने गणेश चतुर्थी के लिए देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

देशभर में गणपति महोत्सव की धूम, राष्ट्रपति और पीएम ने दी शुभकामनाएं

ज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली/मुंबई : हिन्दू माह भाद्रपद की चतुर्थी को आज (शुक्रवार) से पूरे देश में गणेश महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। महाराष्ट्र में गणेश पूजा को लेकर खासा उत्साह का माहौल है। आगामी 10 दिनों तक महाराष्ट्र समेत देश के सभी हिस्सों में गणपति पूजा से माहौल भक्तिमय बना रहेगा।

शिवपुराण के अनुसार भाद्रपद मास के कृष्णपक्ष की चतुर्थी को ही मंगलमूर्ति भगवान गणेशजी का जन्म हुआ था। अपने माता-पिता की परिक्रमा लगाने के कारण शिव-पार्वती ने उन्हें विश्‍व में सर्वप्रथम पूजे जाने का वरदान दिया था। तभी से भारत में गणेश पूजा-आराधना का प्रचलन है। प्राचीन काल में बालकों का विद्या-अध्ययन आज के दिन से ही प्रारंभ होता था।

हिन्दुओं के आदिदेव महादेव के पुत्र गणेशजी का स्थान विशिष्ट है। कोई भी धार्मिक उत्सव, यज्ञ, पूजन इत्यादि सत्कर्म हो या फिर विवाहोत्सव या अन्य मांगलिक कार्य हो, गणेशजी की पूजा के बगैर शुरू नहीं हो सकता। निर्विघ्न कार्य संपन्न हो इसलिए शुभ के रूप में गणेशजी की पूजा सबसे पहले की जाती है।

गणेश महोत्सव के मौके पर मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में शुक्रवार सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ दिख रही है। दूसरी ओर मुंबई और पुणे के लालबाग के राजा के यहां भी भक्तों की भारी भीड़ है। गणेश महोत्सव के लिए मुंबई के कुर्ला में बर्फ से गणेश की मूर्ति बनाई गई है। यह मूर्ति पांच फीट ऊंची है। दूसरी ओर हैदराबाद में देश की सबसे बड़ी गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई है। यह मूर्ति 60 फुट ऊंची है। 60 फीट ऊंचे गणपति बप्पा को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट रही है। खैरताबाद गणेश उत्सव कमेटी द्वारा बनाई गई ये मूर्ति देश में सबसे ऊंची गणेश मूर्ति बताई जा रही है।

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष और प्रधानमंत्री ने गणेश चतुर्थी के लिए देशवासियों को शुभकामनाएं दी और भारत के विकास की राह में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए भगवान गणेश के आशीर्वाद की कामना की। देशवासियों और विदेशों में रह रहे भारतीयों को बधाई देते हुए राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा, ‘बुद्धि, समृद्धि और सौभाग्य के प्रतीक भगवान गणेश की हम पर कृपा हो और हमारे विकास की राह मे आ रही सभी बधाओं को वे दूर करें ताकि हम हम एक मजबूत और जीवंत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ सकें।’

उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने उम्मीद जताई की भगवान गणेश के आशीर्वाद से भारत को शांतिपूर्ण, समृद्ध और प्रबुद्ध देश के रूप में उभरने में मदद मिलेगी। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने अपने संदेश में भारतीयों का आह्वान किया कि वे महान मानवीय मूल्यों के लिए खुद को समर्पित करें और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाएं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर नागरिकों को बधाई दी है। अपने बधाई संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा, 'गणपति बाप्पा मोरया, गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।' प्रधानमंत्री ने कहा, 'गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर हम भगवान गणेश की अर्चना करते हैं। भगवान गणेश हमें अपना आशीर्वाद प्रदान करें और हमारे जीवन को सुख-शांति, आनन्द और ज्ञान से समृद्ध बनाएं।'

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.