9 चरणों में लोकसभा चुनाव: 7 अप्रैल से 12 मई तक मतदान, 16 मई को वोटों की गिनती
Advertisement
trendingNow182534

9 चरणों में लोकसभा चुनाव: 7 अप्रैल से 12 मई तक मतदान, 16 मई को वोटों की गिनती

लोकसभा चुनावों का बिगुल अब बज चुका है। लोकसभा चुनाव नौ चरण में होंगे। पहला चरण 7 अप्रैल को होगा और नौवां और अंतिम चरण 12 मई को होगा। 16 मई को मतगणना होगी।

fallback

ज़ी मीडिया ब्यूरो
नई दिल्ली: 16वीं लोकसभा के गठन के लिए आम चुनाव सात अप्रैल से शुरू होंगे। आखिरी मतदान 12 मई को होगा और परिणाम की घोषणा 16 मई को होगी। निर्वाचन आयोग ने बुधवार को इसकी घोषणा की। विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में 81.4 करोड़ लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यह आंकड़ा 1952 में हुए प्रथम लोकसभा चुनाव में 17.6 करोड़ था। 2009 के पिछले आम चुनाव के बाद इस बार 9.71 करोड़ नए मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बनेंगे।
निर्वाचन आयुक्त वी.एस. संपत ने कहा कि लोकसभा के साथ-साथ सिक्किम, ओडिशा और आंध्र प्रदेश विधानसभा के चुनाव भी कराए जाएंगे। संपत ने मीडिया से कहा कि विश्वसनीय चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा और विशिष्टता है।
545 लोकसभा में से 543 सीटों के लिए मतदान अप्रैल में सात, नौ, 10, 12, 17, 24 और 30 तारीख और मई में सात और 12 मई को कराए जाएंगे। लोकसभा के दो एंग्लो इंडियन सदस्यों का चुनाव राष्ट्रपति करते हैं। संपत ने चुनाव में जागरुकता और नैतिकता के साथ मताधिकार का प्रयोग करने की लोगों से अपील की।
उन्होंने राजनीतिक पार्टियों और उम्मीदवारों से भी राजनीतिक भाषणों और व्यक्तव्यों में उच्च मानदंड बनाए रख कर और पक्षपात रहित व्यवहार करते हुए देश की लोकतांत्रिक परंपरा को बरकरार रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग देश को आश्वस्त करता है कि वह निष्पक्ष और विश्वसनीय चुनाव कराने के संवैधानिक दायित्व को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध और कृत संकल्प है। निर्वाचन आयुक्त एच.एस. ब्रह्मा ने कहा कि हम सभी राजनीतिक पार्टियों से अपील करते हैं कि वह अशिष्ट और अभद्र शब्दों और भाषा का इस्तेमाल न करें।
संसदीय चुनाव में पहली बार मतदाताओं को 'नन ऑफ द एबव' विकल्प' का इस्तेमाल करने का अवसर मिलेगा। इसकी शुरुआत नवंबर-दिसंबर में पांच राज्यों में कराए गए विधानसभा चुनाव से हुई है। संपत ने चुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए धन बल के होने वाले इस्तेमाल पर चिंता जाहिर की और कहा कि इस पर नियंत्रण के लिए कदम उठाए जाएंगे।
देशभर में करीब 9,30,000 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। यह 2009 के चुनाव से 12 फीसदी अधिक है। देश में बुधवार से चुनावी आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। ब्रह्मा ने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाके में सुरक्षा कारणों से मतदान एक चरण में कराए जाएंगे। प्रथम चरण में दो राज्यों के छह लोकसभा सीटों पर मतदान कराए जाएंगे।
नौ अप्रैल को पांच राज्यों के सात सीटों पर, 10 अप्रैल को 14 राज्यों के 92 सीटों पर, 12 अप्रैल को तीन राज्यों के पांच सीटों पर, 17 अप्रैल को 13 राज्यों के 122 सीटों पर, 24 अप्रैल को 12 राज्यों की 117 सीटों पर, 30 अप्रैल को नौ राज्यों की 89 सीटों पर, सात मई को सात राज्यों की 64 सीटों पर और 12 मई को तीन राज्यों के 41 सीटों पर मतदान कराए जाएंगे। संपत ने कहा कि चुनाव की तारीख स्कूल की परीक्षाओं, मानसून, खेती के मौसम और स्थानीय त्योहारों को ध्यान में रखते हुए तय किए गए हैं। नौ मार्च को लोग घर से नजदीक केंद्रों पर मतदाता सूची में अपने नाम की जांच कर पाएंगे।
राज्य वार चुनाव तारीख इस प्रकार से हैं-
आंध्र प्रदेश- 30 अप्रैल और सात मई
अरुणाचल प्रदेश : 9 अप्रैल
असम : 7, 12 और 24 अप्रैल
बिहार : 10, 17, 24, 30 अप्रैल और 7, 12 मई
छत्तीसगढ़ : 10, 17 और 24 अप्रैल
गोवा : 17 अप्रैल
गुजरात : 30 अप्रैल
हरियाणा : 10 अप्रैल
हिमाचल : प्रदेश 7 मई
जम्मू और कश्मीर : 10, 17, 24, 30 अप्रैल और 7 मई
झारखंड : 10, 17 और 24 अप्रैल
कर्नाटक : 17 अप्रैल
केरल : 10 अप्रैल
मध्य प्रदेश : 10, 17 और 24 अप्रैल
महाराष्ट्र : 10, 17 और 24 अप्रैल
मणिपुर : 9 और 17 अप्रैल
मेघालय : 9 अप्रैल
मिजोरम : 9 अप्रैल
नागालैंड : 9 अप्रैल
ओडिशा : 10 और 17 अप्रैल
पंजाब : 30 अप्रैल
राजस्थान : 17 और 24 अप्रैल
सिक्किम : 12 अप्रैल
तमिलनाडु : 24 अप्रैल
त्रिपुरा : 7 और 12 अप्रैल
उत्तर प्रदेश : 10 17 24 30 अप्रैल, 7 और 12 मई
उत्तराखंड : 7 मई
वेस्ट बंगाल : 17, 24, 30 अप्रैल और 7, 12 मई
अंडमान और निकोबार द्वीप : 10 अप्रैल
चंडीगढ़ : 12 अप्रैल
दादर और नगर हवेली : 12 अप्रैल
दमन और दीव : 30 अप्रैल
लक्षद्वीप : 10 अप्रैल
दिल्ली- 10 अप्रैल
पुडुचेरी : 24 अप्रैल
चुनाव आयोग की मुख्य घोषणाओं पर एक नजर
-चुनाव में खर्च पर कड़ी नजर रहेगी।
-लोकसभा चुनाव में पहली बार फोटो वोटर स्लिप होगी।
-संवेदनशील बूथ पर सुरक्षा के खास इंतजाम होंगे।
-9 मार्च तक वोटर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
- वोटरों को जागरूक करने के लिए पर्यवेक्षक।
-लोकसभा में पहली बार 'नोटा' विकल्प।
-आज से ही चुनाव आचार संहिता लागू।
-इस चुनाव में 9 लाख 30 हजार पोलिंग स्टेशन होंगे।
-98.6 फीसदी वोटरों के पास पहचान पत्र हैं।
-9 मार्च को होगा वोटरों को जोड़ने का विशेष अभियान।
- इस बार के चुनाव में 81.4 करोड़ मतदाता हिस्सा लेंगे।
- पिछले चुनाव से इस बार 10 करोड़ ज्यादा मतदाता।
-31 मई, 2014 तक नई लोकसभा का गठन होना है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)

Trending news