उत्तर भारत में मानसून के आने में होगी एक हफ्ते की देरी
Advertisement
trendingNow1226220

उत्तर भारत में मानसून के आने में होगी एक हफ्ते की देरी

मौसम विभाग ने मंगलवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर भारत तक आने में एक और हफ्ते की देरी हो सकती है। इस बीच, उत्तर भारत का मौसम आज शुष्क रहा जिससे लोगों को काफी असहज स्थिति का सामना करना पड़ा।

उत्तर भारत में मानसून के आने में होगी एक हफ्ते की देरी

नई दिल्ली : मौसम विभाग ने मंगलवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर भारत तक आने में एक और हफ्ते की देरी हो सकती है। इस बीच, उत्तर भारत का मौसम आज शुष्क रहा जिससे लोगों को काफी असहज स्थिति का सामना करना पड़ा।

ज्यादातर स्थानों पर लगभग सामान्य तापमान ही दर्ज किया गया पर आद्रता ज्यादा रहने से राष्ट्रीय राजधानी एवं उत्तर भारत के अन्य राज्यों में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राजस्थान में अमूमन जून के मध्य या अंत तक मानसून आ जाता था पर इस बार यह उत्तर भारत में कहीं भी सक्रिय नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि राज्य में मौसम की अनुकूल स्थितियां नहीं रही तो मानसून के आने में एक और हफ्ते की देरी हो सकती है। उन्होंने कहा कि मानसून अभी महाराष्ट्र तक आया है।

विभाग ने कहा कि दिल्ली में कुछ इलाकों में हल्की बारिश के बाद आद्रता 73 और 40 फीसदी के बीच रही जिससे लोग पसीने से बेहाल रहे। शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह 8:30 बजे तक दिल्ली में तीन मिमी बारिश दर्ज की गई पर दिन के समय बारिश नहीं हुई।

पंजाब एवं हरियाणा के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने के दो दिन बाद आद्रता का स्तर ऊंचा रहा और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। हरियाणा का भिवानी 39.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ क्षेत्र का सबसे गर्म स्थान रहा। हिसार में 39.5, नारनौल में 35.5, और अंबाला में 35.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

पंजाब के पटियाला और लुधियाना में क्रमश: 38.6 और 38.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अमृतसर का तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा। चंडीगढ़ का तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

Trending news