उत्तर भारत के इलाकों में ठंड और कोहरे का कहर
Advertisement
trendingNow175908

उत्तर भारत के इलाकों में ठंड और कोहरे का कहर

उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में आज तापमान और गिर गया तथा मैदानों में कई स्थानों पर कोहरे के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। दिल्ली में तड़के कोहरे की परत छाई थी लेकिन दिन निकलते निकलते मौसम साफ हो गया।

नई दिल्ली : उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में आज तापमान और गिर गया तथा मैदानों में कई स्थानों पर कोहरे के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। दिल्ली में तड़के कोहरे की परत छाई थी लेकिन दिन निकलते निकलते मौसम साफ हो गया।
राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है। अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर रहा। जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम मापा गया।
लेह में कल मौसम की सबसे सर्द रात रही जहां पारे का न्यूनतम स्तर शून्य से 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो राज्य में सबसे कम है। करगिल में पारे का स्तर एक रात पहले के मुकाबले छह डिग्री सेल्सियस से अधिक गिर गया।
इस बीच जम्मू कश्मीर से बाकी देश को जोड़ने वाले श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को बर्फबारी के चलते दो दिन तक बंद रहने के बाद आज फिर से वाहनों के लिए खोल दिया गया। जवाहर सुरंग के आसपास के इलाकों में हिमपात के बाद शुक्रवार को 294 किलोमीटर लंबे रास्ते पर यातायात थम गया था।
यातायात के एक अधिकारी ने कहा, ‘राजमार्ग को फिर से खोल दिया गया है और वाहनों को श्रीनगर से जम्मू जाने दिया जा रहा है।’ घाटी में मौसम पिछले 24 घंटे से सूखा बना हुआ है। हिमाचल प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में सर्द हवाएं चलती रहीं और तापमान कई स्थानों पर हिमांक यानी शून्य डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
लाहौल और स्पीति, किन्नौर, पांगी और भरमौर के उंचे और जनजातीय क्षेत्रों में भी हल्की बर्फबारी हुई। लाहौल और स्पीति में केलांग में न्यूनतम तापमान शून्य से 12.8 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। शिमला में चमकते सूरज ने पर्यटकों का स्वागत किया। पंजाब और हरियाणा में कई स्थानों पर कोहरे की घनी चादर से सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। (एजेंसी)

Trending news