ओडिशा में लू से अबतक 32 की मौत
Advertisement
trendingNow121659

ओडिशा में लू से अबतक 32 की मौत

ओडिशा के कई हिस्सों में रविवार को भी भीषण लू का चलना जारी रहा। राज्य में लू से अबतक मरने वालों की संख्या 32 हो गई है।

भुवनेश्वर : ओडिशा के कई हिस्सों में रविवार को भी भीषण लू का चलना जारी रहा। राज्य में लू से अबतक मरने वालों की संख्या 32 हो गई है।
राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग के अधीनस्थ सचिव, पी.आर. महापात्रा ने संवाददाताओं को बताया, राज्य में लू के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है।
कुछ तटीय इलाकों में पिछले दो दिनों के दौरान हालांकि तापमान थोड़ा कम हुआ है, लेकिन राज्य के पश्चिमी हिस्से भयानक तपिश से जूझ रहे हैं, जहां पारा 46 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है।
भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र ने एक बुलेटिन में कहा है कि सम्बलपुर जिला मुख्यालय, और जिले के हीराकुंड कस्बे में शनिवार को क्रमश: अधिकतम 45.5 डिग्री सेल्सियस और 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कहा है कि सुबर्णपुर जिला मुख्यालय सोनपुर और बालंगीर जिले के तितलागढ़ कस्बे में दिन का अधिकतम तापमान अलग-अलग 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी भुवनेश्वर में इस वर्ष पांच जून को, इसके पहले के सर्वाधिक तापमान का रिकार्ड (22 मई, 1972 को 46.5 डिग्री सेल्सियस) तोड़ने वाला 46.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।
मौसम विज्ञानियों ने अनुमान किया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य में अगले सप्ताह दस्तक दे सकता है। (एजेंसी)

Trending news