यूक्रेन अपनी भूमि का एक इंच भी रूस को नहीं देगा: यूक्रेन के पीएम
Advertisement

यूक्रेन अपनी भूमि का एक इंच भी रूस को नहीं देगा: यूक्रेन के पीएम

यूक्रेन भर में प्रतिद्वंद्वियों के प्रदर्शनों के साथ अलगाववादी तनाव बढ़ने के बीच रूस समर्थक कार्यकर्ताओं ने आज क्रीमिया में कीव समर्थक रैली में लोगों पर डंडों एवं कोड़ों से प्रहार किया। अंतरिम प्रधानमंत्री अर्सेनी यातसेनयुक ने इस बात की प्रतिबद्धता जतायी कि देश अपनी भूमि का एक इंच भी मास्को को नहीं देगा। इससे पहले रूसी सेना एवं क्रेमलिन समर्थक बंदूकधारियों ने काला सागर प्रायद्वीप पर अपना कब्जा जमा लिया था।

fallback

कीव : यूक्रेन भर में प्रतिद्वंद्वियों के प्रदर्शनों के साथ अलगाववादी तनाव बढ़ने के बीच रूस समर्थक कार्यकर्ताओं ने आज क्रीमिया में कीव समर्थक रैली में लोगों पर डंडों एवं कोड़ों से प्रहार किया। अंतरिम प्रधानमंत्री अर्सेनी यातसेनयुक ने इस बात की प्रतिबद्धता जतायी कि देश अपनी भूमि का एक इंच भी मास्को को नहीं देगा। इससे पहले रूसी सेना एवं क्रेमलिन समर्थक बंदूकधारियों ने काला सागर प्रायद्वीप पर अपना कब्जा जमा लिया था।
यातसेनयुक ने राजधानी में हजारों लोगों की भीड़ को संबोधित करते हुए कहा, ‘यह हमारी भूमि है।’ इस दौरान राजनीतिक रसूख वाले रूस के पूर्व व्यवसायी मिखाइल खोदोर्कोवस्की भी मौजूद थे। उन्होंने रूस में एक दशक जेल में बिताया था और वह राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के शीर्ष आलोचक हैं।
क्रीमिया में गतिरोध गहराने के चलते यूरोप एवं अमेरिका को यूक्रेन के भविष्य को लेकर रूस के खिलाफ खड़ा कर दिया है। शीत युद्ध के बाद यह पूर्व एवं पश्चिम के बीच सबसे खराब टकराव है। यूक्रेन में मतभेद को प्रदर्शित करते हुए अंतरिम राष्ट्रपति ओलेकसांद्र तुर्चीनोव ने पिछले तीन माह में प्रदर्शन के दौरान मारे गये लोगों के सम्मान में कीव रैली में एक मिनट का मौन रखा। इन प्रदर्शनों के चलते क्रेमलिन समर्थक राष्ट्रपति विक्टर यानुकोवयिच को सत्ता से हटना पड़ा था।
इसके विपरीत पूर्वी शहर दोनेत्सक में मास्को समर्थक कार्यकर्ताओं ने दंगा पुलिस इकाई को श्रद्धांजलि दी। इस पुलिस पर कीव में प्रदर्शनकारियों पर पिछले माह गोलियां चलाने का आरोप है जिसमें करीब 100 लोग मारे गये थे। दोनेत्सक में कार्यकर्ता रूसी ध्वज फहराते हुए नारेबाजी कर रहे थे..‘रूस-रूस।’ यह शहर पूर्व राष्ट्रपति के प्रभाव वाला क्षेत्र माना जाता है। सत्ता से हटने के बाद यानुकोवयिच रूस पलायन कर गये थे।
क्रीमिया की राजधानी सिमफरोपोल में सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने यूक्रेन की एकता और रूस में शामिल होने के बारे में अलग अलग हुई रैलियों में हिस्सा लिया। रैलियां शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। ऐसी ही एक रैली में यूक्रेन के ध्वज के रंग से मिलती स्की जैकेट पहने 46 वर्षीय स्वयातोस्लाव रेगुशेवस्की अपने दो साल के पुत्र के साथ आये थे। उन्होंने कहा कि वे क्रीमिया पर कब्जा नहीं जमा सकते। यह गैर कानूनी कब्जा होगा।
इस प्रदर्शनी में करीब 1000 लोग जमा हुए थे जबकि लेनिन स्क्वायर पर हुई प्रतिद्वंद्वी रैली में करीब 10 हजार लोग आये थे। इस जगह पर रूस के तिरंगे झंडों का मानों समुद्र लहरा रहा था। क्षेत्र के रूस समर्थक विधि निर्माता रूसी संघ का अंग बनने के लिए अगले रविवार को जनमत सर्वेक्षण करवाने की योजना बना रहे हैं। हालांकि कीव में पश्चिम समर्थित नयी सरकार ने इस कदम को गैर कानूनी कहकर खारिज कर दिया है।

Trending news