सीमा पर पाक ने फिर की गोलीबारी, घायल BSF जवान की मौत
Advertisement

सीमा पर पाक ने फिर की गोलीबारी, घायल BSF जवान की मौत

जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में पांच अगस्त को सीमा पर गोलीबारी में घायल सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान की आज यहां अस्पताल में मौत हो गयी।

नई दिल्ली : जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में पांच अगस्त को सीमा पर गोलीबारी में घायल सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान की आज यहां अस्पताल में मौत हो गयी। भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के डाक्टरों ने बताया कि हेड कांस्टेबल राम निवास मीणा का दिन में साढ़े 12 बजे निधन हो गया। वह जिस दिन पाकिस्तान से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घायल हुए थे, उसी दिन उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था।
एम्स ट्रामा सेंटर के डॉ. एम सी मिश्रा ने कहा, गोलियां लगने से घायल मीणा ने आज दम तोड़ दिया। उन्हें 100 यूनिट रक्त और रक्त उत्पाद चढ़ाया गया था। बल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मीणा का शव बीएसएफ के वाहन से राजस्थान में उनके घर भेज दिया गया। वाहन में शव के साथ उनके परिवार के सदस्य थे। सांबा के रामगढ़ में पांच अगस्त को पाकिस्तान की ओर से दो राउंड गोलियां चलने से मीणा घायल हो गए थे।
पाकिस्तान की ओर से आज की गई गोलीबारी में जम्मू सीमांत क्षेत्र में स्थित अग्रिम चौकी पर तैनात सीमा सुरक्षा बल का एक जवान घायल हो गया। पांच भारतीय सैनिकों की हत्या की घटना के बाद सीमा पर व्याप्त तनाव के बीच कुछ दिनों के भीतर संघर्षविराम के उल्लंघन की यह दूसरी घटना है। बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘जम्मू सीमा पर अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के निकट अल्फा माचिल बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) क्षेत्र में आज सुबह पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की गयी।’ इस गोलीबारी में बीएसएस का एक जवान पवन कुमार घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने पाक की इस हरकत को संघर्ष विराम का उल्लंघन बताया है।
अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी गोलीबारी के दौरान बीएसएफ के जवानों ने संयम बरता। पिछले एक सप्ताह के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ के जवानों को निशाना बना कर की गयी गोलीबारी की यह दूसरी घटना है। बॉर्डर एक्शन टीम अटैक में पांच जवानों की हत्या के बाद संघर्ष विराम उल्लंघन की एक महत्वपूर्ण घटना में पाकिस्तानी सैनिकों ने कल जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के निकट कई भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए सात घंटे तक भारी पीका गोला बारूद और मोर्टार गोलों के 7000 राउंड चलाए। (एजेंसी)

Trending news