Gonda Lok Sabha Election 2024: एक जनसेवक को दुनिया में अदम क्या चाहिए, चार छह चमचे रहें माइक रहे माला रहे... ऐसा कटाक्ष करने वाले शायर अदम गोंडवी की धरती गोंडा रामनगरी अयोध्या से लगी है. यह पिछड़े जनपदों में गिना जाता है. इस क्षेत्र में बाढ़ और सूखे की संभावना बनी रहती है. राजनीति की बात करें तो यहां कांग्रेस के टिकट पर मनकापुर राजघराने के कुंवर आनंद सिंह जीतते रहे थे. 1971 से शुरू हुए उनके विजय रथ को राम लहर में भाजपा के बृजभूषण सिंह ने रोका था. हां, आगे की राजनीति कैसरगंज से मौजूदा सांसद बृजभूषण और राजघराने के बीच चली.


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

गोंडा लोकसभा चुनाव 2024 रिजल्ट


पांचवें चरण में 20 मई 2024 को यहां वोटिंग हुई. कुल 51.62 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले. नतीजे 4 जून को आएंगे.  


बीजेपी ने गोंडा से कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया को टिकट देना शुरू किया तो बृजभूषण सिंह कैसरगंज से लड़ने लगे. हालांकि इस बार महिला पहलवानों के गंभीर आरोपों के कारण बृजभूषण को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. उनका कैसरगंज, गोंडा समेत आसपास की कई लोकसभा सीटों पर प्रभाव है. ऐसे में भाजपा जल्दबाजी में कोई कदम नहीं उठाना चाहती है. बहरहाल, गोंडा सीट से भाजपा ने मौजूदा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया को तीसरी बार टिकट दे दिया है. कीर्तिवर्धन सिंह का जन्म मनकापुर के राजा आनंद सिंह के घर हुआ. 



दूसरी तरफ सपा ने INDIA गठबंधन की तरफ से पूर्व मंत्री राकेश कुमार वर्मा की बेटी श्रेया वर्मा को टिकट दिया है. 


गोंडा का जातीय समीकरण


गोंडा लोकसभा सीट पर जातीय समीकरण देखें तो मुस्लिम वोटर 22 प्रतिशत से ज्यादा, ब्राह्मण 21 प्रतिशत, क्षत्रिय और ओबीसी 16 प्रतिशत हैं. SC वोटर 15 फीसदी हैं. कुल वोटर करीब 18 लाख हैं. पिछली बार के चुनाव में यहां 52 प्रतिशत वोट पड़े थे. 


गोंडा जिले का मैप देखिए


गोंडा लोकसभा क्षेत्र में बलरामपुर जिले की एक समेत कुल पांच विधानसभाएं आती हैं. सभी सीटों पर भाजपा का दबदबा है. राजा भैया की क्षेत्र में अच्छी इमेज है. वह स्थानीय लोगों से ठेठ देसी अंदाज में मिलते हैं. 


गोंडा लोकसभा सीट से जीते नेता
1952  शकुंतला नायर  हिंदू महासभा
1957  दिनेश प्रताप सिंह  कांग्रेस
1962  राम रतन गुप्ता  कांग्रेस
1964  नारायण दांडेकर  स्वतंत्र पार्टी
1967  सुचेता कृपलानी  कांग्रेस
1971  आनंद सिंह  कांग्रेस
1977  सत्यदेव सिंह  जनता पार्टी
1980  आनंद सिंह  कांग्रेस
1984  आनंद सिंह  कांग्रेस
1989  आनंद सिंह  कांग्रेस
1991  बृज भूषण शरण सिंह  भाजपा
1996  केतकी देवी सिंह  भाजपा
1998  कीर्तिवर्धन सिंह (राजा भैया) सपा
1999  बृज भूषण शरण सिंह  भाजपा
2004  कीर्तिवर्धन सिंह (राजा भैया) सपा
2009  बेनी प्रसाद वर्मा  कांग्रेस
2014  कीर्तिवर्धन सिंह (राजा भैया) भाजपा
2019  कीर्तिवर्धन सिंह (राजा भैया)  भाजपा

 


200 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों की लिस्ट देखिए


अदम गोंडवी की चर्चा चली है तो उनकी चर्चित लाइनें पढ़कर मुस्कुरा दीजिए. 


'काजू भुने प्लेट में व्हिस्की गिलास में, उतरा है रामराज विधायक निवास में 


पक्के समाजवादी हैं तस्कर हों या डकैत, इतना असर है खादी के उजले लिबास में 


जनता के पास एक ही चारा है बगावत, ये बात कह रहा हूं मैं होश-ओ-हवास में'