Advertisement
trendingNow0/india/bihar-jharkhand/bihar485988

बिहारः पटना में नाले में गिरे आदित्य का शव 18 घंटे के रेस्क्यू के बाद बरामद

पटना के बाइपास थाना क्षेत्र के एक नाले में शुक्रवार की रात गिरे पांच वर्षीय आदित्य का शव शनिवार को बड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया गया.

नाले में गिरे आदित्य की बॉडी बरामद की गई है.
नाले में गिरे आदित्य की बॉडी बरामद की गई है.

पटनाः बिहार की राजधानी पटना के बाइपास थाना क्षेत्र के एक नाले में शुक्रवार की रात गिरे पांच वर्षीय आदित्य का शव शनिवार को बड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया गया. शुक्रवार रात को आदित्य के नाले में गिरने के बाद इलाके में सनसनी मच गई. वहीं, मौके पर पुलिस फौरन पहुंचकर रेस्क्यू जारी कर दिया था. लेकिन रात तक शव बरामद नहीं किया जा सका था.

पुलिस के अनुसार, बाइपास थाना क्षेत्र में रानीपुर पैजवा के पास स्थित नाले में शुक्रवार की शाम आदित्य उस समय पैर फिसलने के कारण नाले में गिर गया था, जब वह नाले को पार करने के लिए रखे लोहे के पाइप के सहारे नाला पार कर रहा था. 

घटना की सूचना से आसपास की इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी. आनन-फानन में इसकी सूचना एनडीआरएफ को दी गई थी. बच्चे की तलाश में पुलिस व रेस्क्यू टीम लगी रही परंतु देर रात के बाद अंधेरा व गंदगी की वजह से सर्च अपरेशन को रोकना पड़ा था. शनिवार सुबह फिर से तलाशी अभियान शुरू किया गया था.

Add Zee News as a Preferred Source

आपको बता दें कि रास्ते में नहरनुमा नाला है. इसको पार करने के लिए स्थानीय लोगों ने लोहे का मोटा पाइप लगा रखा है. इसी के सहारे लोग नहर पार करते हैं. बच्चा भी पाइप से सहारे नहर को पार कर रहा था कि अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गया.  

बाइपास थाना के प्रभारी गोल्डन कुमार ने शनिवार को बताया कि बड़ी मशक्कत के बाद आदित्य का शव बरामद कर लिया गया है. शव गाद में फंसा हुआ था. 

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले भी इस नाले में गिरकर एक बच्चे की मौत हो गई थी. आदित्य के पिता कमलेश इसी गांव में खेती का काम करते हैं.

(इनपुटः आईएएनएस)

ये भी देखे

TAGS