Ram Rahim Furlough: राजस्थान में आज से 5 दिन बाद विधानसभा चुनाव होने हैं, जिससे पहले एक बार रोहतक के सुनारिया जेल में बंद गुरमीत राम रहीम को 21 दिन की फरलो दी गई है. दरअसल, ये कोई पहली बार नहीं है जब चुनाव से पहले राम रहीम को पैरोल दी गई है. इससे पहले हरियाणा पंचायत चुनाव और आदमपुर उपचुनाव के पहले भी राम रहीम को पैरोल दी जा चुकी है. हालांकि, जब भी इस पर सवाल उठाए जाते हैं पैरोल और फरलो को नियम के आधार पर बता कर जिम्मेदार इससे अपना पलड़ा झाड़ लेते हैं. 


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

पत्रकार रामचंद्र छत्रपति और डेरा सच्चा सौदा के मैनेजर रणजीत सिंह की हत्या और बलात्कार जैसे गंभीर मामलों का दोषी गुरमीत राम रहीम रोहतक के सुनारिया जेल में उम्र कैद की सजा काट रहा है. जिसे हरियाणा सरकार ने एक बार फिर 21 दिन की फरलो दी है. 30 महीने में ये 8वीं बार है, जब राम रहीम पैरोल या फरलो दी गई है. फरलो के दौरान राम रहीम यूपी के बागपत के बरनावा आश्रम में रहेगा. 


किस आधार पर मिली फरलो
राम रहीम की फरलो के लिए इस बार बीमार मां, गोद ली हुई बेटियों की शादी और खेतों की देखभाल करने जैसी दलीलें दी गई हैं. वहीं पूर्व डेरा प्रमुख शाह सतनाम की जयंती और राम रहीम के जन्मदिन को भी फरलो लेने की दलीलों में शामिल किया गया है.


राजस्थान चुनाव पर हो सकता है असर
जेल से बाहर आने के बाद राम रहीम अक्सर समर्थकों के साथ सत्संग करता देखा जाता है, जिसमें कई बार राजनीतिक पार्टियों के दिग्गज भी नजर आ चुके हैं. वहीं राम रहीम राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के गुरुसर मोडिया की रहने वाला है. हरियाणा, राजस्थान और यूपी में उसके आश्रम हैं. ऐसा माना जा रहा है कि अपने समर्थकों के जरिए वो राजस्थान के चुनावी समीकरण पर असर डाल सकता है. 


कब-कब मिली फरलो और पैरोल


1. 24 अक्टूबर 2020- राम रहीम 24 घंटे की पैरोल पर जेल से बाहर आया था, जिसकी जानकारी महज 4 लोगों को थी.


2.  21 मई 2021- राम रहीम बीमार मां से मिलने के लिए 48 घंटे की पैरोल पर बाहर आया. 


3. 7 फरवरी 2022- राम रहीम को 21 दिनों की पैरोल दी गई थी, इस दौरान वो गुरुग्राम आश्रम में रहा. 


4. 17 जून 2022- राम रहीम को एक महीने की पैरोल दी गई, इस दौरान वो बागपत आश्रम में रहा. 


5. 15 अक्टूबर 2022- राम रहीम को 40 दिन की पैरोल दी गई, इस दौरान वो बागपत के बरनावा आश्रम में रहा.  


6. 21 जनवरी 2023- राम रहीम को पूर्व डेरा प्रमुख शाह सतनाम की जयंती में शामिल होने के लिए 40 दिन की पैरोल मिली.


7. 20 जुलाई 2023- राम रहीम को 30 दिन की पैरोल दी गई, इस दैरान वो बागपत के बरनावा आश्रम में रहा.