नई दिल्ली : महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल को आज प्रदेश कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया। राज्य में हाल में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को पराजय का सामना करना पड़ा था जहां वह सत्ता में थी।


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

पूर्ववर्ती पृथ्वीराज चव्हाण की सरकार में कृषि मंत्री रहे पाटिल को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस विधायक दल का नेता मनोनीत किया। इससे पहले कांग्रेस विधायक दल ने सोनिया गांधी को नेता के बारे में फैसला करने के लिए अधिकृत किया था। कांग्रेस महासचिव मोहन प्रकाश ने पाटिल को विधायक दल का नेता चुने जाने की घोषणा की। आज से ही महाराष्ट्र में नयी विधानसभा का पहला सत्र शुरू हो रहा है। इस दौरान देवेन्द्र फडणवीस सरकार विश्वास मत हासिल करेगी।


पाटिल चीनी उत्पादक क्षेत्र अहमदनगर जिले से आते हैं और काफी समय से विधायक रहे हैं। वह करीब 20 साल पहले शिवसेना-भाजपा सरकार के दौरान मंत्री भी रहे हैं। वह बालासाहेब विखे पाटिल के पुत्र हैं जो वाजपेयी सरकार में मंत्री रहे थे। गौरतलब है कि हाल ही में महाराष्ट्र में हुए चुनाव में 288 सदस्यीय सदन में कांग्रेस के सदस्यों की संख्या 42 रह गई है। कांग्रेस और राकांपा गठबंधन ने 15 साल तक महाराष्ट्र में शासन किया।