उज्जैन: कानपुर एनकाउंटर का मास्टरमाइंड और 8 पुलिसवालों के हत्या का मुख्य आरोपी विकास दुबे (Vikas Dubey) पुलिस की गिरफ्त में है. उसे मध्य प्रदेश के उज्जैन से उत्तर प्रदेश के कानपुर ले जाया जा रहा है. इस बीच उज्जैन के SP मनोज कुमार सिंह (Manoj Kumar Singh) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गैंगस्टर विकास दुबे के पकड़े जाने की पूरी कहानी बताई. 


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

उन्होंने कहा कि पिछले दो दिन से मध्य प्रदेश पुलिस (MP Police) हाई अलर्ट पर थी. गुरुवार सुबह विकास दुबे महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचा था. वहां मंदिक के बाहर फूल बेचने वाले ने उसे पहचाना. इसके बाद उसने मंदिर के सुरक्षाकर्मियों को इसकी जानकारी दी. 


मनोज कुमार सिंह ने कहा कि विकास दुबे ने गार्ड को अपना नाम और पहचान गलत बताया. शक होने पर गार्ड ने पुलिस को इसके बारे में जानकारी दी. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने कहा कि उज्जैन पुलिस ने विकास दुबे के गिरफ्तार करके बहुत सराहनीय काम किया है. अगर जरा सी भी चूक हो जाती तो ये अपराधी भाग सकता था. 


ये भी पढ़ें- यूपी STF को सौंपा गया विकास दुबे, 3 गाड़ियों का काफिला निकला, पत्‍नी और बेटा भी अरेस्‍ट


उन्होंने कहा कि ये मामला अंडर इनवेस्टिगेशन है और ये दो स्टेट के बीच का मामला है इसलिए इसपर ज्यादा जानकारी नहीं दी जा सकती. उन्होंने पत्रकारों को बताया कि विकास दुबे से उज्जैन पुलिस ने आठ घंटे बात की. इसके बाद शाम को उसे कोर्ट में पेश किया गया. 


आपको बता दें कि अपराधी विकास दुबे को गिरफ्तार कर आज कोर्ट में पेश किया गया. विकास की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई. इसके बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने विकास दुबे को यूपी STF को सौंप दिया. तीन गाड़ियों का काफिला विकास दुबे को लेकर कानपुर जा रहा है.


पुलिस का काफिला गुना, शिवपुरी की तरफ जा रहा है. जानकारी के मुताबिक गैंगस्टर विकास दुबे को भैरव गढ़ थाने से यूपी एसटीएफ को हैंड ओवर किया गया. उधर जानकारी ये भी मिल रही है कि विकास दुबे की पत्नी ऋचा और बेटे को गिरफ्तार किया गया है. साथ ही नौकर को भी पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है.