पणजी : स्वराज अभियान के नेता योगेंद्र यादव का मानना है कि गोवा का इतिहास पर्यावरण की रक्षा की खातिर लड़ने का रहा है जिसके मद्देनजर यह राज्य देश में हरित राजनीति का मार्ग प्रशस्त कर सकता है।


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

यादव ने संवाददाताओं से कहा, मैं गोवा को एक पर्यटन स्थल के रूप में नहीं देखता हूं। संगठित भ्रष्टाचार के कारण इसके सामने विशेष चुनौतियां हैं। लेकिन गोवा जन आंदोलन की विरासत का भी प्रतिनिधित्व करता है। मैं गोवा को एक ऐसे राज्य के रूप में देखता हूं जो हरित राजनीति के रूप में देश का मार्ग प्रशस्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि अतीत में गोवा में पर्यावरण संबंधी आंदोलन हुए हैं जिन्हें साक्षर मतदाताओं ने सफलतापूर्वक चलाया है।


यादव ने कहा, गोवा की नागरिक सक्रियता की परंपरा रही है। लोगों की संलिप्तता हमारी परंपरा रही है। यह ऐसी जगह है जहां हम एक विशेष कारण के लिए गोवा की प्रशंसा करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वराज अभियान स्वयं को एक राजनीतिक आंदोलन के रूप में देखता है। उन्होंने कहा, लेकिन हम चुनावी राजनीति में नहीं हैं। हम अभी कोई राजनीतिक पार्टी नहीं बनाना चाहते। कुछ समय बाद हम समीक्षा करेंगे कि हम क्या कर रहे हैं। अभियान इस समय देशभर में काम कर रहा है। यादव ने कहा, और यह आंदोलन दिल्ली आधारित नहीं होगा। हम ऐसा संगठन हैं जो क्षेत्रीय बंधनों में नहीं बंधा है। उन्होंने कहा, भारत के बारे में मुख्य बात यह है कि यह भिन्न है। इस देश की एकता को समानता के आधार पर नहीं देखा जा सकता। यह देश अपनी विभिन्नतओं के साथ एक है।